हजारीबाग में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल: 39 इंस्पेक्टर-सब इंस्पेक्टर का ट्रांसफर, कई थानों को मिले नए प्रभारी
हजारीबाग एसपी ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 39 पुलिस इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर का तबादला किया है। कई थानों और अंचलों को नए प्रभारी मिले हैं।
हजारीबाग (Threesocieties.com Desk): झारखंड के हजारीबाग जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। हजारीबाग एसपी ने शुक्रवार देर रात बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इस प्रशासनिक फेरबदल में इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के कुल 39 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद में BCCL की खदानों से संगठित कोयला लूट! अरबों के नुकसान, संसद की स्थायी समिति ने मांगा एक्शन प्लान

इस बदलाव को जिले में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण, पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और थानों की कार्यप्रणाली में सुधार के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। कई महत्वपूर्ण थानों और अंचलों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई महत्वपूर्ण अंचलों को मिले नए प्रभारी
जारी आदेश के अनुसार कई अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पुलिस इंस्पेक्टर चन्द्रशेखर कुमार को बरही अंचल से हटाकर सदर थाना प्रभारी बनाया गया है। सुभाष सिंह अब सदर थाना प्रभारी से विष्णुगढ़ अंचल प्रभारी होंगे। अनिल कुमार को STF प्रभारी से बरही अंचल की कमान दी गई है। बिश्मल लकड़ा को साइबर थाना से दारू अंचल भेजा गया है।
थाना प्रभारियों में भी बड़ा बदलाव
एसपी ने कई थानों में नए थाना प्रभारी तैनाती किए हैं। पुलिस सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार-01 को कोर्रा थाना से चरही थाना प्रभारी बनाया गया। राणा भानु प्रताप सिंह को गिद्दी से केरेडारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। मृत्युंजय कुमार सिंह अब बरही थाना से दारू थाना प्रभारी होंगे। नेमधारी रजक को सदर थाना से कोर्रा थाना प्रभारी बनाया गया है। पंकज कुमार को बड़ा बाजार ओपी से चौपारण थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कुमारी राधा रागनी को महिला थाना सदर से बरही महिला थाना भेजा गया है। सरोज सिंह चौधरी को कटकमदाग थाना प्रभारी बनाया गया है। मुकेश कुमार सिंह को मुफ्फसिल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। रवि रंजन को गोरहर थाना प्रभारी बनाया गया है। शशिकांत पासवान को बरकट्ठा थाना प्रभारी व अनुपम प्रकाश को कटकमसांडी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग पर फोकस
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल जिले में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा है। हाल के दिनों में कई इलाकों में अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए अनुभवी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी कार्यालय की ओर से स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और थाना स्तर पर जवाबदेही बढ़ाई जाएगी। प्रशासनिक हलकों में इस बड़े बदलाव को आने वाले समय में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






