झारखंड पुलिस महकमे में महाबदलाव! 201 डीएसपी का तबादला, रांची-धनबाद में सबसे ज्यादा फेरबदल

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 201 डीएसपी अधिकारियों का तबादला किया है। रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर समेत कई जिलों में SDPO, ट्रैफिक DSP और साइबर DSP बदले गए हैं। देखें पूरी सूची और किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी।

झारखंड पुलिस महकमे में महाबदलाव! 201 डीएसपी का तबादला, रांची-धनबाद में सबसे ज्यादा फेरबदल
पुलिस में अब तक का सबसे बड़ा ट्रांसफर- पोस्टिंग।

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य पुलिस सेवा में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 201 डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से बुधवार 20 मई 2026 को जारी अधिसूचना में राज्य के कई जिलों के एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी, साइबर डीएसपी और मुख्यालय में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

यह भी पढ़ें: धनबाद: मुनीडीह वाशरी में अब नहीं होगी मैनुअल लोडिंग! 4 मजदूरों की मौत के बाद BCCL का बड़ा फैसला

सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। लंबे समय बाद इतने बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिन अधिकारियों की जगह दूसरे अधिकारियों की पोस्टिंग कर दी गई है और जिन्हें तत्काल कोई नई जिम्मेदारी नहीं मिली है, वे सीधे झारखंड पुलिस मुख्यालय में योगदान देंगे।

रांची में कई अहम जिम्मेदारियां बदलीं

राजधानी रांची में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। गढ़वा के एसडीपीओ रहे नीरज कुमार को हटिया डीएसपी बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित दीपक कुमार को बेड़ो डीएसपी की जिम्मेदारी मिली है। मनीष चंद्र लाल को सिल्ली डीएसपी बनाया गया है। अजय आर्यन को मुख्यालय-2 रांची में पोस्टिंग दी गई है। वहीं रामाकांत रजक को ट्रैफिक-1 और ताराश सोरेन को ट्रैफिक-2 रांची की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदीप कुमार को साइबर डीएसपी रांची बनाया गया है।

धनबाद में भी बड़ा फेरबदल

धनबाद जिले में भी बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है। प्रकाश सोय को विधि व्यवस्था धनबाद की जिम्मेदारी दी गई है। कुमार विनोद को मुख्यालय-1 धनबाद और प्रदीप कुमार साव को सीसीआर धनबाद बनाया गया है। नाजीर अख्तर को मुख्यालय-2 धनबाद भेजा गया है। रोहित कुमार साव को यातायात डीएसपी धनबाद की जिम्मेदारी दी गई है। अजित कुमार विमल को बाघमारा SDPO, लिलेश्वर महतो को निरसा SDPO और प्रकाश चंद्र महतो को सिंदरी SDPO बनाया गया है।

बोकारो और जमशेदपुर में भी बदलाव

बोकारो में राजीव रंजन को नगर डीएसपी और अजय प्रसाद को ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। राम प्रवेश कुमार को सीसीआर बोकारो की जिम्मेदारी मिली है जबकि रविंद्र कुमार सिंह को बेरमो SDPO बनाया गया है। जमशेदपुर में संजीव कुमार को नगर डीएसपी, मनोज कुमार को मुख्यालय-2 और सुमित कुमार को विधि-व्यवस्था डीएसपी बनाया गया है। विकास आनंद लागुरी को घाटशिला SDPO और अनुभव भारद्वाज को सरायकेला SDPO की जिम्मेदारी दी गई है।

हजारीबाग और सरायकेला में नई तैनाती

अमित कुमार को एएसपी अभियान हजारीबाग बनाया गया है। रूपक कुमार सिंह को सदर SDPO हजारीबाग और अरमानुल हक को सीसीआर हजारीबाग की जिम्मेदारी दी गई है। ज्ञान रंजन को मुख्यालय-2 हजारीबाग में पोस्टिंग मिली है। सरायकेला में दुसरू बानसिंह को मुख्यालय डीएसपी और शिव प्रकाश कुमार को चांडिल SDPO बनाया गया है।

पुलिस प्रशासन में दिखेगा असर

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कई ऐसे अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग दी गई है जो लंबे समय से मुख्यालय या विशेष शाखा में कार्यरत थे।

विशेषज्ञों का मानना है कि रांची, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर जैसे संवेदनशील जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती का सीधा असर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर देखने को मिल सकता है।

प्रमुख तबादलों की सूची

नीरज कुमार – हटिया डीएसपी
दीपक कुमार – बेड़ो डीएसपी
मनीष चंद्र लाल – सिल्ली डीएसपी
प्रकाश सोय – विधि व्यवस्था, धनबाद
राजीव रंजन – नगर डीएसपी, बोकारो
अजय प्रसाद – ट्रैफिक डीएसपी, बोकारो
प्रदीप कुमार – साइबर डीएसपी, रांची
रोहित कुमार साव – ट्रैफिक डीएसपी, धनबाद
अजित कुमार विमल – SDPO बाघमारा
लिलेश्वर महतो – SDPO निरसा
प्रकाश चंद्र महतो – SDPO सिंदरी
संजीव कुमार – नगर डीएसपी, जमशेदपुर
सुमित कुमार – विधि व्यवस्था डीएसपी, जमशेदपुर
विकास आनंद लागुरी – SDPO घाटशिला
अनुभव भारद्वाज – SDPO सरायकेला
अमित कुमार – एएसपी अभियान, हजारीबाग
रूपक कुमार सिंह – SDPO सदर, हजारीबाग