बिहार में इंजीनियर के घर नोटों का पहाड़! EOU छापे में 48 लाख कैश, 60 लाख का सोना बरामद

बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के पटना, जमुई और झाझा स्थित ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने छापेमारी की। कार्रवाई में 48 लाख नकद, 60 लाख से अधिक के सोने के गहने, महंगी गाड़ियां, फ्लैट और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए। जांच में आय से 2.61 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है।

बिहार में इंजीनियर के घर नोटों का पहाड़! EOU छापे में 48 लाख कैश, 60 लाख का सोना बरामद
इंजीनियर गोपाल कुमार और नोट गिनते EOU अफसर ।
  • पटना-जमुई में छापे से करोड़ों की संपत्ति मिली
  • आय से 2.61 करोड़ ज्यादा संपत्ति
  • EOU रेड में खुली इंजीनियर की लग्जरी लाइफ
  • महंगी गाड़ी, फ्लैट और सोने के गहने जब्त

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शनिवार को बड़ी छापेमारी कर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार की करोड़ों की कथित काली कमाई का खुलासा किया। पटना, जमुई और झाझा समेत चार ठिकानों पर एक साथ हुई कार्रवाई में लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, महंगी गाड़ियां और कई संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें:बिहार के कैमूर में सनसनी: छोटे भाई बना जल्लाद! बड़े भाई के पूरे परिवार के 4 टुकड़े कर सूटकेस-बोरी में फेंके शव

जांच एजेंसी के अनुसार इंजीनियर गोपाल कुमार की संपत्ति उनकी वैध आय से करीब 2.61 करोड़ रुपये अधिक पाई गई है। बताया गया कि उनकी संपत्ति आय से लगभग 81.5 प्रतिशत ज्यादा है, जिसके बाद उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था।

चार ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी

आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद शनिवार सुबह एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। छापेमारी पटना की मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित फ्लैट, कंकड़बाग के पैतृक मकान, जमुई के किराये के आवास, झाझा कार्यालय और पटना स्थित ससुराल में की गई। गोपाल कुमार वर्तमान में ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। वे वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आए थे और बिहार के कई जिलों में पदस्थापित रह चुके हैं।

फ्लैट से मिला लाखों का कैश और सोना

EOU की कार्रवाई में पटना स्थित फ्लैट से करीब 39.65 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा 424 ग्राम सोना और लगभग एक किलो चांदी के गहने भी जब्त किए गए। अधिकारियों को आभूषण खरीद से जुड़ी करीब 47 लाख रुपये की रसीदें भी मिली हैं। जांच टीम को दानापुर में जमीन और निर्माणाधीन भवन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि इस संपत्ति में करीब 90 लाख रुपये नकद भुगतान किए गए थे। इसके अलावा चार कमरों वाले फ्लैट के लिए 80 लाख रुपये भुगतान से संबंधित कागजात भी बरामद किए गए हैं।

जमुई से बरामद हुई हुंडई क्रेटा और लाखों रुपये

जमुई स्थित आवास से भी EOU को बड़ी सफलता मिली। यहां से आठ लाख रुपये नकद और एक हुंडई क्रेटा गाड़ी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि यह वाहन किसी अन्य व्यक्ति सुरेंद्र प्रसाद के नाम पर खरीदा गया था। गाड़ी की कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तीन बैंक खातों में जमा करीब 10 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया गया है। टीम को जीवन बीमा की सात योजनाओं के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनका वार्षिक प्रीमियम करीब 3.50 लाख रुपये बताया गया है।

सरकारी फाइलें मिलने से बढ़ सकती है मुश्किल

छापेमारी के दौरान इंजीनियर के घर से विभाग की कई सरकारी फाइलें और दस्तावेज भी मिले हैं। आर्थिक अपराध इकाई ने इसकी जानकारी ग्रामीण कार्य विभाग को देने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे और संपत्तियों का खुलासा हो सकता है।

छापेमारी में बरामद मुख्य चीजें

करीब 48 लाख रुपये नकद
60.47 लाख रुपये से अधिक के सोने के गहने
करीब एक किलो चांदी
जेबी मॉल में दो दुकान
दानापुर में जमीन और निर्माणाधीन भवन
चार कमरों वाले फ्लैट के कागजात
हुंडई क्रेटा, हुंडई आई-10 और स्कूटी
तीन बैंक खातों में 10 लाख रुपये
सात बीमा योजनाओं के दस्तावेज
कई जमीन खरीद समझौते
सरकारी फाइलें और विभागीय कागजात

यहां हुई छापेमारी
मजिस्ट्रेट कॉलोनी, ज्योतिपुरम स्थित जगत विला अपार्टमेंट
कंकड़बाग स्थित पैतृक मकान
जमुई के केकेएम कॉलेज के पास किराये का आवास
झाझा स्थित कार्यालय
राजाबाजार स्थित ससुराल

आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल एजेंसी सभी दस्तावेजों और निवेश की जांच में जुटी है।