"परिवार का सामना करने से आसान लगा कत्ल!' पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया का चौंकाने वाला कबूलनामा"
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में आरोपी सिया गोयल ने कथित तौर पर कहा कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और परिवार को सच बताने के बजाय साजिश रचना आसान लगा। जानिए लोहागढ़ किले में हुई इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी।
HighLights:
- पुलिस के अनुसार, हत्या की पूरी साजिश सिया गोयल ने रची थी
- सिया ने पूछताछ में कथित तौर पर कहा कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी
- आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल ने एक-दूसरे पर साजिश का आरोप लगाया
- पुलिस का दावा है कि पहली कोशिश नाकाम होने के बाद दूसरी बार वारदात को अंजाम दिया गया
- क्राइम सीन रीक्रिएशन के जरिए पुलिस अब पूरी घटना को दोबारा समझने की कर रही है तैयारी
मुंबई (Threesocieties.com Desk): पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ कई नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सिया गोयल ने कथित तौर पर कहा कि उसने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से साफ शब्दों में कहा था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती, लेकिन वह सगाई तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।
यह भी पढ़ें: ₹500 की घड़ी बनी कत्ल की वजह, 29 साल बाद सुप्रीम कोर्ट ने बंद की खून और इंसाफ की कहानी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया ने जांच अधिकारियों से कहा कि परिवार को इस रिश्ते के बारे में सच बताने और उनका सामना करने की तुलना में केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रचना उसे आसान लगा। यह बयान सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
प्रेमी के साथ मिलकर रची गई कथित साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल का चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था और वह केतन अग्रवाल के साथ शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि इसी वजह से दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच एजेंसियों का दावा है कि 18 जून को लोहागढ़ किले की ट्रिप के दौरान केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का दिया गया और पूरी घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन बाद में मिले सबूतों और परिवार की शिकायत के आधार पर मामला हत्या की साजिश में बदल गया।
पहली कोशिश नाकाम, दूसरी बार वारदात सफल
पुलिस के अनुसार, यह पहली कोशिश नहीं थी। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले ट्रेकिंग के दौरान भी कथित तौर पर केतन को धक्का देने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह बच निकला था। बाद में दूसरी योजना बनाई गई और इस बार कथित तौर पर चेतन चौधरी भी साथ था।
एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। जहां सिया का दावा है कि योजना चेतन ने बनाई थी, वहीं चेतन ने पुलिस को बताया कि हत्या के लिए उस पर दबाव सिया की ओर से डाला गया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक के सबूत और जांच के आधार पर पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार सिया गोयल प्रतीत होती है। मामले की जांच अभी जारी है।
विग को लेकर भी सामने आया नया दावा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सिया ने यह भी दावा किया कि उसे केतन का विग पहनना पसंद नहीं था। हालांकि केतन के परिवार का कहना है कि सगाई से पहले ही इस बात की जानकारी दोनों परिवारों को थी और इसे कभी छिपाया नहीं गया था।
क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस
मामले की गुत्थी पूरी तरह सुलझाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस अब लोहागढ़ किले में क्राइम सीन रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए जांच अधिकारी यह समझने की कोशिश करेंगे कि घटना के समय तीनों लोग किस स्थिति में थे और कथित वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जा सकता है और पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखा जाएगा।
पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना मामला
युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत और उसके बाद सामने आए कथित प्रेम संबंध, सगाई और हत्या की साजिश के आरोपों ने इस मामले को पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और अदालत में पेश होने वाले सबूतों पर टिकी हुई है।






