धनबाद में फुटपाथ पर अब नहीं लगेगी दुकान! 177 दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

धनबाद नगर निगम ने कोर्ट रोड से DRM चौक तक फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में 177 दुकानदारों को लॉटरी के जरिए दुकान नंबर आवंटित किए गए। निगम ने तय समय में शिफ्ट नहीं होने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

धनबाद में फुटपाथ पर अब नहीं लगेगी दुकान! 177 दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
धनबाद में फुटपाथ दुकानदारों की होगी शिफ्टिंग।
  • 177 दुकानदारों को वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद शहर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम और फुटपाथ अतिक्रमण की समस्या से परेशान लोगों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। धनबाद नगर निगम ने शहर को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कोर्ट रोड से लेकर डीआरएम चौक तक सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: महंगाई पर झामुमो का हल्लाबोल: व्यवसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ धरना

नगर निगम की ओर से कोहिनूर मैदान स्थित वेंडिंग जोन में बुधवार को लॉटरी प्रक्रिया के जरिए 177 दुकानदारों को दुकान नंबर आवंटित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार मौके पर मौजूद रहे और निगम अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।

शहर को जाम से राहत दिलाने की तैयारी

धनबाद के मुख्य बाजार और व्यस्त सड़कों पर वर्षों से फुटपाथ दुकानों और ठेला-खोमचा के कारण लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा था। खासकर कोर्ट रोड, बैंक मोड़ और डीआरएम चौक जैसे इलाकों में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था।नगर निगम अब इन इलाकों को अतिक्रमण मुक्त कर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है। निगम अधिकारियों का कहना है कि वेंडिंग जोन बनने से सड़कें खाली होंगी, वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

दुकानदारों को मिलेगा स्थायी ठिकाना

नगर निगम का दावा है कि वेंडिंग जोन में दुकानदारों को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल मिलेगा। यहां ग्राहकों और दुकानदारों दोनों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मेयर संजीव सिंह ने कहा कि निगम का उद्देश्य किसी की रोजी-रोटी छीनना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन में दुकानदारों और ग्राहकों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है ताकि लोग एक ही जगह पर आसानी से खरीदारी कर सकें।

तय समय में शिफ्ट नहीं होने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि जिन दुकानदारों को दुकान नंबर आवंटित किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर वेंडिंग जोन में शिफ्ट होना होगा। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तय समय के बाद भी सड़क किनारे दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इसे शहर में अतिक्रमण हटाने की बड़ी मुहिम के रूप में देख रहा है।

शहर के अन्य इलाकों में भी बनेंगे वेंडिंग जोन

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि धनबाद के अन्य क्षेत्रों में भी नए वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कई स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे नए वेंडिंग जोन तैयार होंगे, वैसे-वैसे संबंधित इलाकों के फुटपाथ दुकानदारों को वहां शिफ्ट किया जाएगा। निगम का लक्ष्य शहर को ट्रैफिक जाम और अवैध अतिक्रमण से मुक्त करना है।