PM मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला: ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ नहीं, ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ था देश की सुस्ती का कारण

दिल्ली में NDA बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ को ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ बताया। 4399 दिन का रिकॉर्ड बनाने पर NDA नेताओं ने उन्हें बधाई दी। बैठक में शुभेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी को पश्चिम बंगाल की मशहूर झालमुड़ी भी खिलाई।

PM मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला: ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ नहीं, ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ था देश की सुस्ती का कारण
मोदी ने NDA बैठक में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

HighLights

  • भारत मंडपम में पश्चिम बंगाल की मशहूर झालमुड़ी खाते नजर आए PM मोदी
  • विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पीएम को अपने हाथों से झालमुड़ी खिलाई
  • मोदी ने लगातार 4399 दिन प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया
  • NDA नेताओं ने सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी

नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk): राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। एक तरफ उन्होंने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला तो दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की मशहूर झालमुड़ी का स्वाद लेते हुए सहयोगी नेताओं के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत भी की।

यह भी पढ़ें:ओमान तट पर जहाज पर हमला: 24 भारतीयों में 21 सुरक्षित, 3 लापता; भारत ने जताई कड़ी चिंता

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की धीमी विकास दर को वर्षों तक ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ कहकर प्रचारित किया गया, जबकि वास्तविकता यह थी कि यह तत्कालीन सरकारों की नीतिगत विफलताओं का परिणाम था। उन्होंने कहा कि इसे ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ कहा जाना चाहिए था, क्योंकि नाकामी सरकारों की थी, देश और समाज की नहीं।

झालमुड़ी ने बनाया माहौल

बैठक के दौरान एक दिलचस्प दृश्य तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के स्टॉल पर पहुंचे। वहां रखी झालमुड़ी को देखकर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “ये वाला चाहिए।” उनके इतना कहते ही आसपास मौजूद नेता और कार्यकर्ता हंस पड़े। इसके बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें झालमुड़ी परोसी। पीएम ने धन्यवाद कहा और आगे बढ़ गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं भी सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि NDA बैठक में साथियों के साथ झालमुड़ी साझा करने का अवसर मिला।

4399 दिन का रिकॉर्ड, NDA नेताओं ने दी बधाई

NDA बैठक का एक प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड पर बधाई देना भी था। 10 जून तक पीएम मोदी ने लगातार 4399 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया, जिससे उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बधाई प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने किया। सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की और गठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया।

‘2014 केवल चुनावी जीत नहीं, उम्मीदों का उदय था’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 में NDA की जीत सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं थी, बल्कि देश के आम नागरिक की उम्मीदों और आकांक्षाओं का पुनर्जागरण था। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस से निराश होकर NDA पर भरोसा जताया था और पिछले 12 वर्षों में उस विश्वास को मजबूत किया गया है।

‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ बनाम ‘NDA ग्रोथ रेट’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक देश को यह समझाया गया कि भारत तेज गति से विकास नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने यह मिथक तोड़ा और साबित किया कि सही नीयत, स्पष्ट नीति और मजबूत निर्णय क्षमता से विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पिछले 12 वर्षों में इतने बड़े बदलाव संभव हुए हैं, तो पहले ऐसा क्यों नहीं हो सका। यही कांग्रेस और NDA की कार्यशैली के बीच का अंतर है।

विकास दर और आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक गंतव्यों में से एक बन चुका है।

AI, ड्रोन और सेमीकंडक्टर पर फोकस

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने भविष्य की अर्थव्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भारत सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन तकनीक, क्वांटम कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर, बैटरी स्टोरेज और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक विकास का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण आधार है।

मध्यम वर्ग और टैक्स राहत का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने मध्यम वर्ग को कर प्रणाली में बड़ी राहत दी है। उन्होंने दावा किया कि आज 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स छूट उपलब्ध है। फेसलेस टैक्स सिस्टम, बेहतर डिजिटल सेवाओं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने आम नागरिक का जीवन आसान बनाया है।

विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी

भाषण के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल भुगतान क्रांति और कोविड महामारी के दौरान देशवासियों के सहयोग ने यह साबित किया है कि सरकार और समाज मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की आवश्यकता बताते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर राज्य विकास की दौड़ में आगे बढ़ेगा।NDA बैठक में प्रधानमंत्री का यह संबोधन जहां राजनीतिक रूप से कांग्रेस पर तीखा हमला माना जा रहा है, वहीं झालमुड़ी वाले हल्के-फुल्के अंदाज ने पूरे कार्यक्रम को मानवीय और रोचक रंग भी दे दिया।