धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा सरायढेला थाना क्षेत्र में हुई ताजा घटना से लगाया जा सकता है। शहर में लगातार पुलिस गश्ती और अपराध नियंत्रण के दावों के बावजूद अब असामाजिक तत्व पुलिसकर्मियों से ही भिड़ने लगे हैं। सोमवार की रात सरायढेला इलाके में गश्ती पर निकली पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान एक जमादार की वर्दी फाड़ दी गई, उनके गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई और सरकारी हथियार लूटने की भी कोशिश की गई।
यह भी पढ़ें:Dhanbad: वायरल वीडियो के बाद एक्शन मोड में धनबाद पुलिस, प्रिंस खान के माता-पिता से 2 घंटे पूछताछ
और भी पढ़ें
- धनबाद में Hotel Hiway Inn का भव्य उद्घाटन, संस्कृति सिंह ने निभाई पारंपरिक रस्म
- QS एशिया रैंकिंग 2027 में IIT ISM धनबाद का जलवा, 51 पायदान चढ़कर 373वें नंबर पर
- धनबाद नगर निगम का बड़ा फैसला: शिड्यूल रेट से 10% कम टेंडर पर नहीं मिलेगा काम
- बारामुड़ी खटाल पर पप्पू यादव का हुंकार, बोले- मेरी लाश से गुजरकर हटाना होगा
बताया जा रहा है कि यह घटना ओजोन गैलेरिया मॉल के पास हुई, जहां पुलिस टीम दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट को शांत कराने पहुंची थी। लेकिन बीच-बचाव करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया और 8 से 10 युवकों ने उन पर हमला बोल दिया।
लोहे के पाइप से हमला, गला दबाकर मारने की कोशिश
सरायढेला थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, सअनि रामाशंकर प्रसाद सिंह 10 मई की शाम रिजर्व गार्ड के जवान सन्नी कुमार साव और रविंद्र कुमार यादव के साथ गश्ती पर निकले थे। शाम करीब साढ़े सात बजे बिग बाजार के पहले पार्किंग स्टैंड के पास कुछ युवक आपस में भिड़े हुए थे। पुलिस टीम जब मामला शांत कराने पहुंची तो युवक पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े।
आरोप है कि हमलावरों ने लोहे के मोटे पाइप से सअनि रामाशंकर प्रसाद सिंह की बांह और चेहरे पर वार किया। इतना ही नहीं, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और गला दबाकर जान मारने की कोशिश भी की गई। इस अफरा-तफरी के बीच बदमाशों ने उनके गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन भी छीन ली।
सरकारी हथियार छीनने का प्रयास
घटना के दौरान हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की। हालांकि गश्ती दल के जवानों ने किसी तरह हथियार बचा लिया। घटना के वक्त आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप बरामद कर लिया है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज एसएनएमसीएच अस्पताल में कराया गया।
दो नामजद, कई अज्ञात पर केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने दो युवकों अभिषेक सिंह और शुभम सिंह, निवासी स्टील गेट न्यू बैंक कॉलोनी, सरायढेला, को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा 7-8 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
धनबाद में बीते कुछ दिनों में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की वर्दी फाड़ने का मामला भी चर्चा में था। अब गश्ती दल पर हमला होने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के भय को लेकर सवाल उठने लगे हैं।