SIR 2026: धनबाद में वोटर लिस्ट महाअभियान: ‘एक भी मतदाता नहीं छूटना चाहिए’, उपायुक्त का सख्त निर्देश
धनबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन ने BLO और सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि एक भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। 30 जून से घर-घर अभियान शुरू होगा।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में सभी BLO सुपरवाइजरों के साथ बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और एक भी योग्य मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर: प्रेमिका के चक्कर में पिता ने 3 बेटियों का रेता गला, आरोपी गिरफ्तार
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई योग्य व्यक्ति मतदाता सूची से बाहर न रह जाए और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके। इसके लिए BLO और BLO सुपरवाइजर सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है।
हर प्रखंड में बनेगा BLO सुपरवाइजर कोषांग
जिला प्रशासन ने SIR 2026 के सफल संचालन के लिए हर प्रखंड स्तर पर BLO सुपरवाइजर कोषांग बनाने का फैसला किया है। इन कोषांगों में अतिरिक्त कंप्यूटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, फोटोकॉपी मशीन, फोटो प्रिंटिंग मशीन और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा नगर आयुक्त की अध्यक्षता में निगरानी कोषांग भी बनाया गया है ताकि पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग हो सके।
लापरवाह BLO बदले जाएंगे, अतिरिक्त स्वयंसेवक भी रखे जाएंगे
उपायुक्त ने BLO सुपरवाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जो BLO काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें तुरंत बदलें। जहां कार्यभार अधिक है, वहां अतिरिक्त स्वयंसेवक रखें ताकि काम प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, गरीब और अन्य कमजोर वर्गों को विशेष सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है ताकि वे आसानी से मतदाता सूची प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
रोज सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बूथों पर रहेंगे BLO
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि BLO किसी अन्य सरकारी कार्य में लगे हुए हैं, तब भी वे अपने दैनिक कार्यों के अतिरिक्त सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मैपिंग कार्य करेंगे। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को वाट्सएप, वीडियो कॉल और भौतिक निरीक्षण के जरिए इसकी निगरानी करने को कहा गया है।
30 जून से शुरू होगा घर-घर अभियान
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक BLO घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण और संग्रह करेंगे।
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
• 30 जून – 29 जुलाई: घर-घर सर्वे और फॉर्म संग्रह
• 29 जुलाई: मतदान केंद्रों का पुनर्गठन
• 05 अगस्त: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
• 05 अगस्त – 04 सितंबर: दावा और आपत्तियां दर्ज
• 05 अगस्त – 03 अक्टूबर: दावों और आपत्तियों का निस्तारण
• 07 अक्टूबर: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित
राजनीतिक दलों को भी जोड़ा जाएगा
प्रशासन ने सभी BLO सुपरवाइजरों को निर्देश दिया है कि वे प्रखंड और अंचल स्तर पर बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करें ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यापक बन सके। इस कार्यशाला में उपायुक्त आदित्य रंजन सहित नगर आयुक्त, एडीएम, एसडीएम, डीसीएलआर, उप निर्वाचन पदाधिकारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के ERO, AERO एवं BLO सुपरवाइजर मौजूद रहे।






