- बेखौफ कोयला चोरों ने पुलिस अफसर को बनाया निशाना
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयला राजधानी धनबाद में कोयला चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला केंदुआडीह थाना क्षेत्र के शिमलाबहाल स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास का है, जहां रविवार दोपहर स्पेशल ब्रांच के एएसआई अनुज कुमार और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद: सुनील सांवरिया का भव्य सम्मान, मारवाड़ी युवा मंच ने बढ़ाया सामाजिक एकता का संदेश
और भी पढ़ें
- धनबाद में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 1200 किलो लड्डू नष्ट, मद्रास कैफे पर जुर्माना
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम

कोयला चोरी रोकने पर भड़के अपराधी
घटना के अनुसार, ऐना कोलियरी से बीएनआर तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग के दौरान सक्रिय कोयला चोरों का गिरोह हाइवा वाहनों को जबरन रोककर सड़क पर ही कोयला उतार रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में अपनी पत्नी के साथ गुजर रहे एएसआई अनुज कुमार ने जब इसका विरोध किया और रास्ता खाली करने को कहा, तो अपराधियों से उनकी बहस हो गई।
पत्थर और कोयले से किया हमला, पत्नी को भी पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ते ही कोयला चोरों ने एएसआई अनुज कुमार पर हमला कर दिया। उन पर कोयले के बड़े टुकड़ों और पत्थरों से वार किया गया। जब उनकी पत्नी काजल देवी बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस को सूचना, देर से पहुंची टीम
घटना के बाद किसी तरह एएसआई ने अपनी जान बचाई और केंदुआडीह थाना व स्पेशल ब्रांच को सूचना दी। आरोप है कि थाना प्रभारी को कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अन्य अधिकारी, पुलिस टीम और CISF मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
अस्पताल में भर्ती, इलाके में दहशत
घायल एएसआई और उनकी पत्नी को इलाज के लिए SNMMCH भेजा गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस का बयान
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोयला माफिया की दबंगई पर सवाल
यह घटना न सिर्फ कोयला चोरी के बढ़ते नेटवर्क को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि आखिर अपराधियों का मनोबल इतना ऊंचा क्यों है कि वे खुलेआम पुलिस पर हमला करने लगे हैं।