धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बरटांड़ इलाके का है, जहां गुरुवार रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान और उसके बगल में स्थित दवा दुकान को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति उड़ा ली। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़ें: “धनबाद का जलवा बरकरार: East Central Railway में बना सबसे स्वच्छ स्टेशन, पटना में मिलेगा बड़ा सम्मान”
और भी पढ़ें
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम
- अनिल अंबानी को ED का बड़ा झटका, 510 करोड़ की संपत्ति कुर्क; 2 विमान भी जब्त
मोबाइल दुकान में मचा हड़कंप
शुक्रवार दोपहर जब मोबाइल दुकान संचालक रंजीत सिंह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और महंगे मोबाइल फोन, नकदी सहित कई कीमती सामान गायब थे। बताया जा रहा है कि दुकान गुरुवार को बंद थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पहले CCTV बंद, फिर वारदात
अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया। सबसे पहले दुकान में लगे CCTV कैमरों का केबल काट दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद आराम से दुकान में रखे कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। यह तरीका साफ दर्शाता है कि चोरों को तकनीकी और अंदरूनी जानकारी थी।
दवा दुकान में भी सेंधमारी
चोरों ने बगल की दवा दुकान को भी नहीं छोड़ा। दुकान संचालक उत्तम कुमार तिवारी के अनुसार, अपराधियों ने पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी के साथ 10 से 15 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बरटांड़ जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात ने पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।