'कॉकरोच इज बैक'... 6 जून को भारत लौटेंगे अभिजीत दिपके, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर करेंगे प्रदर्शन

अमेरिका में पढ़ाई कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटेंगे। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। जानिए कौन हैं अभिजीत दिपके और क्यों चर्चा में है CJP।

'कॉकरोच इज बैक'... 6 जून को भारत लौटेंगे अभिजीत दिपके, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर करेंगे प्रदर्शन
अमेरिका से लौटकर दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करेंगे अभिजीत दिपके।

  • CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स होने का दावा
  • X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे दिपके
  • AAP के पूर्व सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट रह चुके हैं अभिजीत

नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk): सोशल मीडिया पर तेजी से उभरे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 6 जून को भारत लौटने का ऐलान किया है। भारत लौटने के बाद वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। इसकी जानकारी उन्होंने अपने नए X अकाउंट ‘कॉकरोच इज बैक’ के जरिए साझा की।

यह भी पढ़ें: ‘दो दिन इंतजार करें...’ BJP छोड़ेंगे अन्नामलाई? नई पार्टी की अटकलों से तमिलनाडु की राजनीति में हलचल

बीते कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी खुद को एक राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य (सटायर) मंच बताती है। संगठन का दावा है कि उसके इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।

कौन हैं अभिजीत दिपके?

करीब 30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट के रूप में पहचान रखते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की और फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं। अभिजीत दिपके राजनीति और डिजिटल कैंपेनिंग से भी जुड़े रहे हैं। वे 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट रहे और दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान मीम-बेस्ड ऑनलाइन कैंपेनिंग में भूमिका निभाई।

शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन क्यों?

दिपके ने घोषणा की है कि भारत लौटने के बाद वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर उनके समर्थकों के बीच लगातार कैंपेन चल रहा है।

X अकाउंट बैन और हाईकोर्ट पहुंचा मामला

कॉकरोच जनता पार्टी का मूल X अकाउंट 21 मई को ब्लॉक कर दिया गया था। दावा किया गया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के आधार पर की गई। इसके बाद संगठन ने नया अकाउंट बनाया, जिसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया। दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका में दिपके ने अकाउंट ब्लॉक किए जाने को चुनौती दी है। अदालत ने फिलहाल केंद्र सरकार और X से जवाब मांगा है और मामले की अगली सुनवाई जुलाई में तय की गई है।

CJP को लेकर क्यों बढ़ा विवाद?

कॉकरोच जनता पार्टी हाल के दिनों में राजनीतिक व्यंग्य, सरकार की आलोचना और सोशल मीडिया कैंपेनिंग के कारण सुर्खियों में रही है। संगठन के समर्थक इसे डिजिटल मूवमेंट बता रहे हैं, जबकि विरोधी पक्ष इसके कंटेंट पर सवाल उठा रहा है।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट भी CJP से जुड़े लोगों की CBI जांच की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर चुका है। अदालत ने कहा था कि इस मामले को अत्यधिक भावनात्मक तरीके से देखने की जरूरत नहीं है। अब 6 जून को अभिजीत दिपके की भारत वापसी और जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन पर राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।