साहिबगंज में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत में गोड्डा कोर्ट के पुलिस जवान समेत 3 की मौत, मचा कोहराम

साहिबगंज के बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में गोड्डा कोर्ट में तैनात झारखंड पुलिस जवान समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है और पुलिस जांच में जुटी है।

साहिबगंज में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत में गोड्डा कोर्ट के पुलिस जवान समेत 3 की मौत, मचा कोहराम
पुलिसकर्मी हृदय कुमार सरकार(फाइल फोटो)।
  • आमने-सामने भिड़ीं बाइकें,  ड्यूटी से घर लौट रहे पुलिस जवान समेत तीन की सड़क हादसे में मौत

साहिबगंज (Threesocieties.com Desk): झारखंड के साहिबगंज जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर चतरा धोगड़ा के आगे क्रशर के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में गोड्डा कोर्ट में तैनात झारखंड पुलिस के जवान सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

यह भी पढ़ें: ‘आज हमारे भगवान आए हैं…’ सिंगापुर में लालू से मिलते ही भावुक हुईं रोहिणी, पैर छूकर लगाया गले; VIDEO ने छुआ दिल

आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, मौके पर दो की मौत

जानकारी के अनुसार, उधवा निवासी झारखंड पुलिस के जवान हृदय कुमार सरकार (35), जो गोड्डा कोर्ट में पदस्थापित थे, अपनी बुलेट बाइक से ड्यूटी पूरी कर गोड्डा से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे फायरिंग अभ्यास में शामिल होने के बाद वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से वृंदावन (तीनपहाड़) निवासी सनाउल अंसारी, साहिल अंसारी और मिराज अंसारी एक ही बाइक पर सवार होकर बोरियो की ओर आ रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें चतरा धोगड़ा के आगे क्रशर के पास पहुंचीं, अचानक आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि झारखंड पुलिस जवान हृदय कुमार सरकार और मिराज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में टूटी तीसरे युवक की सांस

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल साहिल अंसारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायल युवक का इलाज जारी बताया जा रहा है। मृतक मिराज अंसारी के मामा करीम अंसारी ने बताया कि मिराज अपने मामा के घर दनवार घूमने आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जवान की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उधवा निवासी अभिषेक ने बताया कि मृतक हृदय कुमार सरकार उनके रिश्तेदार थे। उनकी शादी बिहार के मनिहारी निवासी संगीता देवी से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग साहिबगंज के लिए रवाना हो गए।जवान की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही बोरियो थाना के एएसआई धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं एएसआई सुधीर कुमार तिवारी ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया। घटनास्थल से मृत जवान हृदय कुमार सरकार का बैग भी बरामद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

हादसे के बाद इलाके में पसरा मातम

इस भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। एक ओर ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा जवान परिवार तक नहीं पहुंच सका, वहीं दूसरी ओर घूमने निकले युवकों की जिंदगी सड़क पर ही खत्म हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।