धनबाद में पानी पर बवाल: दो गांवों में चली गोलियां, हुआ पथराव; पुलिस वाहन का शीशा टूटा, इलाके में तनाव
धनबाद के बाघमारा अनुमंडल में पानी की समस्या को लेकर दो गांवों के बीच विवाद हिंसक हो गया। फायरिंग, पथराव और पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
HighLights
- पानी की समस्या को लेकर जोगीडीह और बहियारडीह गांव के बीच हिंसक झड़प
- प्रारंभिक जांच में दो राउंड फायरिंग की पुष्टि, पुलिस ने बरामद किए दो खोखा
- पथराव में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, शीशा टूटा
- अवैध खनन के कारण जल संकट का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
- तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
- पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, हालात पर प्रशासन की नजर
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र में मंगलवार को पानी की समस्या को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जोगीडीह और बहियारडीह गांव के लोगों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि फायरिंग और पथराव की घटनाएं सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: धनबाद में वोटर मैपिंग मिशन तेज: 10 से 14 जून तक हर पंचायत-वार्ड में कैंप, लापरवाही पर दो BLO का मानदेय स्थगित
महिलाओं के प्रदर्शन से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बहियारडीह क्षेत्र में कथित अवैध खनन गतिविधियों के कारण जलापूर्ति प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए जोगीडीह गांव की महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा था। विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों गांवों के लोगों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला हिंसक टकराव में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हालात नियंत्रण से बाहर होने लगे।
दो राउंड फायरिंग, बरामद हुए खोखा
घटना की पुष्टि करते हुए बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विपक्षी पक्ष की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किए हैं, जिससे फायरिंग की बात को बल मिलता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोली किसने चलाई तथा इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
पुलिस वाहन पर हमला, शीशा टूटा
हिंसक झड़प के दौरान कुछ महिलाओं द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। इस दौरान बरोरा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका शीशा टूट गया। हालांकि घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
तीन लोग हिरासत में, इलाके में पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फिलहाल तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
अवैध खनन के आरोपों की भी होगी जांच
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए अवैध खनन और जल संकट के आरोपों को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अवैध खनन या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि पानी की समस्या तथा हिंसा से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।




