30 जून से शुरू होगा वोटर वेरिफिकेशन अभियान, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बोले- एक भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। 30 जून से BLO घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगी। फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा।

30 जून से शुरू होगा वोटर वेरिफिकेशन अभियान, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बोले- एक भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दी अहम जानकारी।

Advertisement

       Highlights:

  • 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर BLO बांटेंगी इन्यूमरेशन फॉर्म।
  • एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटेगा।
  • फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में प्रकाशित होगा।
  • पुराने विशेष गहन पुनरीक्षण की मैपिंग को नागरिकता संबंधी दस्तावेज के रूप में माना जाएगा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 30 जून से होने जा रही है। इससे पहले सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार धनबाद पहुंचे और जिले में चल रही तैयारियों, कार्ययोजनाओं तथा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटेगा और किसी अपात्र व्यक्ति को सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: बीसीसीएल में कोयला चोरी और अवैध खनन पर बड़ा एक्शन प्लान, CMD मनोज अग्रवाल ने अपनाई 'जीरो टॉलरेंस' नीति

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगी। इनमें से एक प्रति मतदाता भरकर BLO को सौंपेंगे, जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास सुरक्षित रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का विवरण पूर्व के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तैयार मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मैप हो जाएगा, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मैपिंग को नागरिकता के लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

5 अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जो मतदाता निर्धारित अवधि के भीतर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर देंगे, उनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जब BLO उनके घर पहुंचे तो वे सहयोग करें और यदि उनकी पूर्व सूची से मैपिंग नहीं हुई है तो आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर मैपिंग सुनिश्चित कराएं।

मैपिंग नहीं होने पर जारी होगा नोटिस

के. रवि कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग किसी कारणवश नहीं हो पाएगी, उन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाता आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपने नाम को अंतिम मतदाता सूची में शामिल करा सकेंगे।

धनबाद में मतदान केंद्रों और ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण

धनबाद दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ जिले के ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।इसके बाद उन्होंने भूली बस्ती स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 उत्क्रमित मध्य विद्यालय तथा मतदान केंद्र संख्या-210 गुरुनानक मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया और BLO द्वारा किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी पूरी प्रक्रिया

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। इसके प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी और सभी आवश्यक सूचनाएं उनके साथ साझा की जाएंगी। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो सहित जिले के निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के साथ ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव और वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) और ईवीएम प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। 

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा और चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया। सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति, उनकी मुस्तैदी और गार्ड शिफ्टों के सही प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्रों) की जांच की और अग्निशमन की सभी सुविधाओं को हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अनुमंडल दंडाधिकारी  लोकेश बारंगे, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।