पश्चिम बंगाल: अभिषेक के बाद अब TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला! सिर फूटा, सड़क पर लेटे दिखे सांसद
पश्चिम बंगाल में TMC नेताओं पर हमलों का सिलसिला जारी है। अभिषेक बनर्जी के बाद अब श्रीरामपुर सांसद कल्याण बनर्जी पर हुगली के चंडीतला में कथित हमला हुआ। पथराव में घायल सांसद का वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे बंगाल की राजनीति गरमा गई है।
कोलकाता (Threesocieties.com Desk): पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं के खिलाफ बढ़ते विरोध और जनाक्रोश की तस्वीरें लगातार दूसरे दिन भी सामने आईं। शनिवार को अभिषेक बनर्जी के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना के बाद रविवार को हुगली जिले के चंडीतला इलाके में श्रीरामपुर से TMC सांसद कल्याण बनर्जी कथित हमले का शिकार हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सांसद सिर पकड़कर सड़क पर बैठे और बाद में लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद जिला पुलिस में फेरबदल: हरिहरपुर थाना और ईस्ट बसुरिया ओपी को मिले नये प्रभारी
विरोध प्रदर्शन के बीच बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, सांसद कल्याण बनर्जी अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में चंडीतला थाने जा रहे थे। यह प्रतिनिधिमंडल कथित तौर पर अभिषेक बनर्जी के साथ हुई घटना के विरोध में ज्ञापन सौंपने पहुंच रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सांसद के काफिले की ओर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल : ‘चोर-चोर’ के नारों के बीच घिरे अभिषेक बनर्जी, चले जूते-चप्पल, हेलमेट पहनकर बचानी पड़ी जान!
सिर में लगी चोट, सड़क पर गिर पड़े सांसद
बताया जा रहा है कि लगातार फेंके जा रहे पत्थरों में से एक पत्थर सांसद कल्याण बनर्जी के सिर पर लगा, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वायरल वीडियो में उन्हें सिर पकड़कर बैठे और बाद में सड़क पर लेटे देखा जा सकता है। घटना के बाद मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार कराया।
TMC कार्यकर्ताओं और विरोधियों के बीच धक्का-मुक्की
हमले के बाद क्षेत्र में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। TMC समर्थकों और विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी भी हुई। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद सांसद फिर से अपने समर्थकों के साथ चंडीतला थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल
धरने के दौरान सांसद कल्याण बनर्जी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि एक सांसद पर सार्वजनिक रूप से हमला हो सकता है, तो आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला केवल विरोध नहीं बल्कि उनकी जान लेने की कोशिश थी।
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठा सवाल
घटना के तुरंत बाद किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सांसद और TMC कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद चंडीतला और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। TMC कार्यकर्ताओं के धरना प्रदर्शन और विरोध के कारण इलाके में तनाव बना हुआ है। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और विपक्ष तथा सत्तारूढ़ दल एक-दूसरे पर हमलावर नजर आ रहे हैं।






