Advertisement

Highlights:

  • मनेर में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में तीन अपराधी मारे गए,थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल
  • मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और सूरज उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई
  •  तीनों पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के आरोपी थे 
  • पुलिस के अनुसार, जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था और दो अन्य शूटर थे

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा नदी किनारे पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को मार गिराया। मुठभेड़ में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ADVERTISEMENT

मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों मनेर के ब्यापुर निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल थे। इस हत्याकांड में जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था, जबकि बबलू कुमार और सूरज कुमार ने शूटर की भूमिका निभाई थी। तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और कई थानों में इनके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है।

 शुक्रवार अहले सुबह तीन बजे हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा नदी इलाके में अपराधियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी इलाके में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। इसके बाद पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार की रात से ही इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। शुक्रवार अहले सुबह करीब तीन बजे पुलिस टीम अपराधियों के ठिकाने के करीब पहुंची। इसी दौरान अपराधियों को पुलिस की मौजूदगी का आभास हो गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। गोली उनकी बांह को छूते हुए निकल गई।

 पुलिस ने 18 राउंड, अपराधियों ने चलाईं 24 से अधिक गोलियां

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से 24 राउंड से अधिक फायरिंग की गई, जबकि पुलिस की ओर से करीब 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी थमने के बाद पुलिसकर्मी सावधानी बरतते हुए आगे बढ़े। घटनास्थल पर तीन लोग घायल अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से हथियार और कई खोखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा सहित तीन हथियार बरामद हुए हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। तीनों शवों का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच कराया गया।

पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में थे शामिल

मारे गए तीनों अपराधी मनेर के ब्यापुर गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के आरोपी थे। 19 अक्टूबर को महाअष्टमी की रात पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि संजीत कुमार अपने दालान में प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अंधाधुंध गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इस वारदात में प्रखंड प्रमुख भी घायल हुए थे। दशहरा मेले के दौरान हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया था।

जेपी यादव था मुख्य साजिशकर्ता, दो ने निभाई थी शूटर की भूमिका

दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था। वहीं, बबलू कुमार और सूरज कुमार ने शूटर की भूमिका निभाई थी। पुलिस की जांच में तीनों की हत्याकांड में संलिप्तता सामने आई थी। घटना के बाद से पुलिस इनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

 करीब 20 दिनों से तलाश में जुटी थी पुलिस और STF

पैक्स अध्यक्ष की हत्या के बाद पटना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ को भी जांच और कार्रवाई में लगाया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब 20 दिनों से अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। कई बार पुलिस को अपराधियों के संभावित ठिकानों की जानकारी मिली, लेकिन वे कार्रवाई से पहले फरार हो जाते थे।गुरुवार की रात मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस ने शेरपुर इलाके में रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की। शुक्रवार की सुबह हुई मुठभेड़ में तीनों आरोपी मारे गए।

घटनास्थल पर पहुंचे पटना SSP, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।एसएसपी के अनुसार, एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम विभिन्न इलाकों में अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान शेरपुर में तीन अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घटनास्थल से हथियार और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस तीनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

दशहरा में हत्या, धनतेरस पर एनकाउंटर

इस पूरे घटनाक्रम का एक संयोग भी चर्चा में है। 19 अक्टूबर को महाअष्टमी के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या की गई थी। करीब 20 दिनों तक चली पुलिस की तलाश के बाद शुक्रवार को धनतेरस के दिन मनेर के शेरपुर में मुठभेड़ के दौरान हत्या के तीनों आरोपी मारे गए।