बिहार: भागलपुर में गंगा की तेज धार में पलटी मजदूरों से भरी नाव, 19 बचे; 2 लापता
भागलपुर के राघोपुर में गंगा की तेज धारा में मजदूरों से भरी नाव पलट गई। नाव पर सवार 21 मजदूरों में से 19 को SDRF ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि 2 मजदूर लापता हैं। हादसे का VIDEO वायरल है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
HighLights:
- नाव पर सवार 21 मजदूरों में से 19 को SDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला
- दो मजदूर लापता हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है
- तटबंध बचाने के लिए चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य में लगे थे मजदूर
- हादसे का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल, नाव पलटते ही मची चीख-पुकार
भागलपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार के भागलपुर जिले में बुधवार, 26 अगस्त को गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। नवगछिया पुलिस जिला के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर पंचायत के पास तेज बहाव के बीच मजदूरों से भरी नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर तटबंध बचाने के लिए चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य में लगे मजदूर सवार थे।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक हादसे के समय नाव पर 21 मजदूर सवार थे। नाव पलटने के बाद कई मजदूर गंगा की तेज धारा में बहने लगे। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान 19 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो मजदूर अब भी लापता हैं। लापता मजदूरों की तलाश में SDRF और प्रशासन की टीमें गंगा में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
इन दो मजदूरों की तलाश जारी
प्रशासन के अनुसार गंगा की तेज धारा में लापता हुए दोनों मजदूरों की पहचान हो गई है। बादल मंडल (32 वर्ष), पिता– सिकंदर मंडल, निवासी– लोदीपुर, थाना– खरीक। सिकंदर मंडल (55 वर्ष), पिता– स्वर्गीय योगेश्वर मंडल, निवासी– सिमरिया, थाना– रंगरा। प्रशासनिक और तकनीकी टीमों की निगरानी में दोनों की तलाश जारी है।
तटबंध मरम्मत के लिए जा रहे थे मजदूर
बताया गया कि राघोपुर क्षेत्र में गंगा की मुख्य धारा के दबाव से जमींदारी तटबंध को खतरा बना हुआ है। तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए जल संसाधन विभाग के निर्देश पर फ्लड फाइटिंग कार्य कराया जा रहा था। इसी काम के लिए मजदूरों और निर्माण सामग्री को नाव के जरिए कटाव स्थल की ओर ले जाया जा रहा था। नाव में घोघा, इस्माइलपुर, परबत्ता, लोदीपुर और रंगरा क्षेत्र के मजदूर सवार बताए गए हैं। हादसे के वक्त गंगा में पानी का बहाव काफी तेज था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव अचानक असंतुलित होने लगी। नाव को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तेज धारा के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई।
नाव पलटते ही नदी में कूदे मजदूर
नाव के अनियंत्रित होने के बाद उस पर सवार मजदूरों में अफरातफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई मजदूरों ने गंगा में छलांग लगा दी। कुछ मजदूर तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। इसी दौरान नाव पूरी तरह पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद SDRF की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
हादसे का VIDEO वायरल, दिखा खौफनाक मंजर
नाव हादसे का एक VIDEO सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गंगा की तेज धारा के बीच नाव के असंतुलित होने और फिर पलटने का दृश्य दिखाई देता है। नाव पलटते ही मजदूरों के बीच अफरातफरी मच जाती है और कई लोग जान बचाने के लिए पानी में छलांग लगाते नजर आते हैं। उफनती गंगा के बीच मजदूरों की जान बचाने की जद्दोजहद का यह दृश्य बेहद भयावह है। हालांकि, वायरल VIDEO की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
दो दिन पहले टूटा था तटबंध
राघोपुर इलाके में गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव के कारण तटबंध पर दबाव बना हुआ है। बताया गया कि करीब दो दिन पहले क्षेत्र में तटबंध टूटने से आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया था। इसके बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की ओर से तटबंध को सुरक्षित करने के लिए फ्लड फाइटिंग कार्य तेज किया गया। इसी अभियान के दौरान बुधवार को यह नाव हादसा हो गया।
SDRF ने संभाला मोर्चा, लापता मजदूरों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। प्रशासन का कहना है कि 19 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दो लापता मजदूरों की तलाश लगातार जारी है। गंगा की तेज धारा को देखते हुए रेस्क्यू टीम को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम मौके पर कैंप कर रही है। फिलहाल प्राथमिकता लापता दोनों मजदूरों को जल्द से जल्द खोजने और सुरक्षित निकालने की है।
Anjala Kumar 



