सरायकेला में रिश्ते का खूनी अंत! पत्नी पर शक ने बनाया हैवान, हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाया
सरायकेला के स्वर्णपुर गांव में पति सोमरा हेम्ब्रम ने पत्नी संबरी हेम्ब्रम की हत्या कर शव को निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने एसआईटी गठित कर खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
HighLights:
- पुलिस ने एसआईटी बनाकर ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा
- हत्या में प्रयुक्त लोहे की पट्टी, गमछा और बिजली का तार बरामद
- आरोपी पति सोमरा हेम्ब्रम गिरफ्तार, हत्या की बात कबूली
सरायकेला (Threesocieties.com Desk): झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से पत्नी के शव को निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: बोकारो में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 गिरफ्तार; बिहार से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेस में बताया कि यह घटना सरायकेला प्रखंड के मोहितपुर पंचायत अंतर्गत स्वर्णपुर गांव की है। आरोपी सोमरा हेम्ब्रम ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी संबरी हेम्ब्रम की पहले बिजली के तार और गमछे से गला घोंटा, फिर लोहे की पट्टी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।
अज्ञात महिला के शव से शुरू हुई जांच
14 जुलाई को सहायक अवर निरीक्षक हरेकृष्ण महतो के लिखित आवेदन पर सीनी स्थित खजुरबागान क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद सरायकेला थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर धारदार हथियार से हमला करने और बिजली के तार से गला घोंटने के बाद शव को शौचालय की टंकी में फेंके जाने की पुष्टि हुई।
एसआईटी गठित कर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी, भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान संबरी हेम्ब्रम के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति सोमरा हेम्ब्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पत्नी के चरित्र पर था शक
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की कोशिश की ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पट्टी, गला घोंटने में इस्तेमाल किया गया गमछा तथा बिजली का तार बरामद कर जब्त कर लिया है। इन साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार सिंह, सीनी ओपी प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने महज कुछ ही समय में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कहा कि घरेलू विवाद या संदेह जैसी परिस्थितियों में कानून अपने हाथ में लेना गंभीर अपराध है। किसी भी विवाद का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि कानूनी और सामाजिक माध्यमों से किया जाना चाहिए। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।




