धनबाद में इलिगल कोल कारोबार पर शिकंजा: CISF के डिप्टी कमांडेंट का तबादला, 4 संवेदनशील इलाकों में छापेमारी

BCCL धनबाद में अवैध कोयला चोरी और अवैध खनन पर CISF की बड़ी कार्रवाई। उप कमांडेंट पी. अक्षय शिवजी राव का तबादला, कई अधिकारी निलंबित, चार संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान, MMDR Act के तहत कार्रवाई की तैयारी।

धनबाद में इलिगल कोल कारोबार पर शिकंजा: CISF  के डिप्टी कमांडेंट का तबादला, 4 संवेदनशील इलाकों में छापेमारी
BCCL में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई।

Advertisement

     HighLights:

  • BCCL धनबाद में अवैध कोयला चोरी मामले में CISF की बड़ी कार्रवाई
  • उप कमांडेंट पी. अक्षय शिवजी राव का तमिलनाडु स्थित रिजर्व बटालियन में तबादला
  • पहले ही एक सहायक कमांडेंट डिमोट और तीन इंस्पेक्टर निलंबित किए जा चुके हैं
  • CISF, BCCL और रेलवे की संयुक्त टीम ने चार संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया
  • MMDR Act के तहत अवैध खनन में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी

धनबाद (Threesocieties.com Desk): देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के धनबाद क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों और उच्च स्तरीय जांच के बाद अधिकारियों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज हो गया है।

यह भी पढ़ें: आग से मवेशियों की जान बचाएगा छात्र भुवन का 'कैटल रेस्क्यू फार्म', INSPIRE MANAK Award के लिए चयनित

इसी कड़ी में BCCL धनबाद इकाई में उप कमांडेंट (अपराध एवं आसूचना) पी. अक्षय शिवजी राव का तबादला कर उन्हें रिजर्व बटालियन, शिवगंगा (तमिलनाडु) भेज दिया गया है। CISF मुख्यालय ने इसे प्रशासनिक निर्णय बताया है और उन्हें तत्काल नई जगह कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।

अपराध एवं आसूचना शाखा की भूमिका पर उठे सवाल

पी. अक्षय शिवजी राव बीसीसीएल इकाई में अपराध एवं आसूचना (Crime & Intelligence) शाखा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस शाखा का मुख्य कार्य खुफिया सूचनाएं जुटाना, अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखना तथा संभावित चोरी, तस्करी और आपराधिक घटनाओं को समय रहते रोकने के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट देना होता है। इसके बावजूद बीसीसीएल क्षेत्र में लगातार अवैध कोयला चोरी और तस्करी की घटनाएं सामने आती रहीं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

गृह मंत्रालय तक पहुंचा मामला

सूत्रों के अनुसार, बीसीसीएल क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार की शिकायतें केंद्रीय गृह मंत्रालय तक पहुंचने के बाद CISF मुख्यालय ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू की। जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई। इससे पहले CISF मुख्यालय ने बीसीसीएल इकाई के सहायक कमांडेंट अरुण जय कुमार को डिमोट कर पुनः इंस्पेक्टर पद पर भेजने का आदेश जारी किया था। वहीं इंस्पेक्टर चंद्रभूषण सहगल, एम.डी. सोहेल और पारस यादव को निलंबित किया जा चुका है।

चार संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण

कोयला चोरी और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए CISF, BCCL प्रबंधन और रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीम ने धनबाद के चार संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण निम्न क्षेत्रों में किया गया—

सिजुआ माइनिंग एरिया
झिरकी वाशरी
नमक फैक्ट्री क्षेत्र
लोयाबाद क्षेत्र

विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर इन इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और कोयला चोरी की गतिविधियों की जानकारी मिली थी।

BCCL अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश

संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान BCCL अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां अवैध खनन मिला है, वहां से निकाले गए कोयले की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का विस्तृत आकलन तैयार किया जाए। यह रिपोर्ट आगे खनिज एवं खनन विकास एवं विनियमन अधिनियम (MMDR Act) के तहत कानूनी कार्रवाई के लिए आधार बनेगी।

बोकारो तक पहुंचेगा अभियान

सूत्रों के मुताबिक, CISF अब केवल धनबाद तक सीमित नहीं रहने वाली है। आने वाले दिनों में बोकारो जिले की विभिन्न कोलियरियों में भी इसी तरह का संयुक्त निरीक्षण और विशेष अभियान चलाया जाएगा। अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन से जुड़े नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

बढ़ सकती हैं और कार्रवाई

अधिकारियों का मानना है कि उच्च स्तरीय जांच अभी जारी है। यदि जांच में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो आने वाले दिनों में और तबादले, निलंबन तथा विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है। इससे धनबाद कोयलांचल में सक्रिय अवैध कोयला कारोबार पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।