Advertisement

    HighLights:

  • बीसीसीआई के महिला तेज गेंदबाज कैंप के लिए चयनित अनंदिता किशोर का डीसीए ने किया सम्मान
  • डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने शॉल ओढ़ाकर और बुके देकर किया सम्मानित
  • अनंदिता बोलीं- मेरी हर सफलता का जश्न डीसीए मनाता है, धनबाद का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात
  • विश्व कप अंडर-19 में मौका नहीं मिलने की निराशा को पीछे छोड़ आगे बढ़ने का लिया संकल्प

धनबाद: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के महिला तेज गेंदबाज विशेष कैंप के लिए आमंत्रित धनबाद की होनहार क्रिकेटर अनंदिता किशोर को शनिवार को धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति ने सम्मानित किया। डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार सहित सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान अनंदिता की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: धनबाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव रखकर सड़क जाम; रणधीर वर्मा चौक पर आगजनी, 4 हिरासत में

डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अनंदिता ने अंडर-19 विश्व कप और एशिया कप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं तक पहुंचकर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन किया है। अब डीसीए की इच्छा है कि वह जल्द ही भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाए और देश का प्रतिनिधित्व करे।

'मेरी हर सफलता का जश्न डीसीए मनाता है'

सम्मान समारोह में भावुक हुईं अनंदिता किशोर ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें डीसीए का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि डीसीए के पदाधिकारी उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों को भी सेलिब्रेट करते हैं और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।उन्होंने कहा कि धनबाद का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और वे भविष्य में भी जिले का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत करती रहेंगी।

मां ने दिया हौसला, बाद में पिता भी बने सबसे बड़े समर्थक

अपने संघर्षपूर्ण सफर को याद करते हुए अनंदिता ने बताया कि शुरुआती दिनों में उनकी मां हमेशा उनका हौसला बढ़ाती थीं। जब उनका चयन पहली बार राज्य टीम में हुआ तो उनके पिता भी पूरी तरह उनके साथ खड़े हो गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बचपन में वह लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती थीं और हमेशा महसूस करती थीं कि वह उनसे बेहतर खेल सकती हैं। यही आत्मविश्वास उन्हें लगातार आगे बढ़ाता रहा।

विश्व कप की निराशा को बनाया ताकत

अनंदिता ने अपने करियर के कठिन दौर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अंडर-19 विश्व कप के दौरान उन्हें खुद को साबित करने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया, जिससे कुछ समय के लिए निराशा हुई। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और पहले से अधिक मेहनत के साथ मैदान में वापसी की। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के जीवन में मुश्किल समय आता है, लेकिन वही समय उसे और मजबूत बनाता है।

डीसीए की प्रबंध समिति में नए सदस्यों का स्वागत

बैठक के दौरान डीसीए की प्रबंध समिति में शामिल किए गए अभिषेक सिंह, अनवर सिद्दीकी, शिव शक्ति और अशोक सराफ का परिचय भी कराया गया। नवनियुक्त सदस्य अभिषेक सिंह ने कहा कि छात्र जीवन में वह क्रिकेट खेलते थे, लेकिन बाद में खेल से दूरी बन गई। अब डीसीए से जुड़कर उन्हें खुशी है और वे जिले में क्रिकेट के विकास के लिए हरसंभव योगदान देंगे।

धनबाद को मिला कूच बिहार ट्रॉफी मैच की मेजबानी का मौका

बैठक में डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 के सफल संचालन पर सभी पदाधिकारियों, कोच, चयनकर्ताओं और प्रायोजकों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि अगले सत्र में धनबाद को प्रतिष्ठित कूच बिहार ट्रॉफी के एक मैच की मेजबानी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि यह मुकाबला रेलवे स्टेडियम में आयोजित किया जाए। यदि यह सफलतापूर्वक संपन्न होता है तो भविष्य में लंबे अंतराल के बाद धनबाद में रणजी ट्रॉफी मुकाबले के आयोजन का रास्ता भी खुल सकता है।

बैठक में डॉ. इश्तियाक अहमद, एसएन सिंह, जेके नय्यर, महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान सहित डीसीए के कई पदाधिकारी एवं विशिष्ट आमंत्रित मौजूद रहे।