CPCB में धनबाद का जलवा! 100 में 100 अंक, 6464 महिलाएं बनीं लखपति दीदी
धनबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले की उपलब्धियां गिनाईं। CPCB मूल्यांकन में 100/100 अंक, 6,464 लखपति दीदी, अर्श क्लिनिक में राज्य में प्रथम और देश में तीसरा स्थान समेत कई उपलब्धियां सामने आईं।
HighLights:
- अर्श क्लिनिक रैंकिंग में धनबाद राज्य में प्रथम और देश में तीसरे स्थान पर
- 6,464 सखी मंडल की महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
- सदर अस्पताल की OPD सेवा 7 हजार से बढ़कर 14 हजार हुई
- झरिया के 81 उच्च जोखिम क्षेत्रों से 215 परिवारों का स्थानांतरण
धनबाद (Threesocieties.com Desk): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धनबाद में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के विकास का रिपोर्ट कार्ड सामने आया। रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में आयोजित समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिलेवासियों को संबोधित करते हुए प्रशासन की विकासात्मक, सामाजिक और अवसंरचनात्मक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के साथ उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन धनबाद को पारदर्शी, त्वरित और नागरिक हितैषी प्रशासन देने के साथ जिले के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, आवास और पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है।
CPCB के मूल्यांकन में धनबाद को 100 में 100 अंक
धनबाद के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में स्वच्छ वायु के क्षेत्र में मिली बड़ी सफलता रही। उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मूल्यांकन में धनबाद शहर को 100 में से 100 अंक मिले हैं। कोयला खनन और औद्योगिक गतिविधियों के कारण प्रदूषण की चुनौती झेलने वाले धनबाद के लिए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्वच्छ वायु और पर्यावरण सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इससे मजबूती मिली है।
अर्श क्लिनिक रैंकिंग में राज्य में प्रथम, देश में तीसरा स्थान
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी धनबाद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उपायुक्त ने बताया कि अर्श क्लिनिक की रैंकिंग में धनबाद को राज्य में पहला और देश में तीसरा स्थान मिला है। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का असर OPD में भी देखने को मिला है। उपायुक्त के अनुसार सदर अस्पताल की OPD सेवा 7 हजार से बढ़कर 14 हजार हो गई है। अस्पताल में 80 से अधिक प्रकार की पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
गया पुल अंडरपास के चौड़ीकरण का काम जारी
शहरी विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उपायुक्त ने कहा कि धनबाद शहर में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर और फुट-ओवरब्रिज जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। श्रमिक चौक स्थित गया पुल अंडरपास के चौड़ीकरण का काम भी प्रगति पर है। इससे शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नमामि गंगे परियोजना के तहत ₹769.9 करोड़ की लागत से 192 एमएलडी क्षमता वाले पांच सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्वीकृति मिली है और प्रथम चरण का काम शुरू हो चुका है।
तीन तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
अमृत 2.0 योजना के तहत धनबाद के बरमसिया, लोको और राजा तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना पर काम किया जा रहा है। वहीं करीब 60 एकड़ में फैले पम्पू तालाब के समग्र पुनर्जीवन के लिए रेलवे के साथ एमओयू किया गया है। कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में भी 125 टीपीडी क्षमता का C&D वेस्ट प्लांट और आमझार, बलियापुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट निर्माणाधीन है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब तक 1,268 परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
ग्रामीण सड़कों और पेयजल पर जोर
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए 100 सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। पेयजल व्यवस्था के लिए करीब ₹5 करोड़ की 23 योजनाएं स्वीकृत हैं। तोपचांची में बंद पड़ी 41 जलमीनारों में डीप बोरिंग का काम कराया जा रहा है। वहीं टुंडी में 500 घरों को जलापूर्ति से जोड़ा गया है।
118 स्कूलों के सुदृढ़ीकरण की योजना
शिक्षा के क्षेत्र में जिले के 118 विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण की योजना स्वीकृत की गई है। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 38 स्वास्थ्य उपकेंद्रों और एक डिलीवरी सेंटर को विकसित किया जा रहा है। 2,277 सहियाओं को किट उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही 283 आंगनबाड़ी योजनाओं के तहत नए भवन निर्माण और जीर्णोद्धार का काम जारी है।
6,464 महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में धनबाद की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में 1.48 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को 13,048 स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। इनमें से 6,464 सखी मंडल की महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और आजीविका के अवसरों में विस्तार हुआ है। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 5,822 लोगों को निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 2,429 लोगों को रोजगार मिला। ‘फुलो झानो आशीर्वाद अभियान’ के माध्यम से 2,283 महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा गया है।
3.46 लाख लाभुकों को मंईयां सम्मान योजना की राशि
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि 2,75,890 पेंशनधारियों को समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया गया है। वहीं झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 3,46,145 लाभुकों को जुलाई 2026 तक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
शिक्षा में भी धनबाद का बेहतर प्रदर्शन
जिले के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। उपायुक्त के अनुसार धनबाद में मैट्रिक का परिणाम 95.84 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में विज्ञान का परिणाम 84.32 प्रतिशत, वाणिज्य का 94.92 प्रतिशत और कला का परिणाम 97.40 प्रतिशत रहा।
झरिया पुनर्वास: 81 उच्च जोखिम क्षेत्रों से 215 परिवार शिफ्ट
झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार की उपलब्धियों का भी उपायुक्त ने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 81 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से 215 परिवारों का स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरित परिवारों को ₹50 हजार शिफ्टिंग सहायता, ₹1 लाख लाइवलीहुड ग्रांट और ₹1 लाख रेंटल असिस्टेंस दिया जा रहा है। बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-5 में ₹82.90 करोड़ की लागत से 2,000 आवासों का निर्माण किया जा रहा है, जिसका करीब 72 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा ₹7.09 करोड़ की लागत से रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट और 395 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। डीवीसी से स्थायी पाइपलाइन जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य मई 2028 रखा गया है। विद्युत सबस्टेशन और 20 बेड के मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी प्रगति पर है।
20.48 लाख से अधिक लोगों को खाद्यान्न
खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 20.48 लाख से अधिक सदस्यों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। ₹10 में धोती, लुंगी और साड़ी योजना तथा 19 मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में आठ वाहन चल रहे हैं। पंचायत स्तर पर भी सुविधाओं के विस्तार के तहत जिले की 55 पंचायतों में मॉडल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 111 अतिरिक्त पंचायतों में इनके विस्तार का लक्ष्य है।
स्वतंत्रता सेनानी की धर्मपत्नी को किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय फकीर चंद्र दा की धर्मपत्नी कनक लता दा को सम्मानित किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी के बलिदान और देशप्रेम को याद करते हुए कहा कि उनका साहस और त्याग आज भी समाज को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
32 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 32 आंगनबाड़ी केंद्रों को सम्मानित किया गया। इनमें जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ पोषण वाटिका के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले केंद्र भी शामिल रहे। कार्यक्रम में धनबाद सदर, गोविंदपुर, झरिया, निरसा, तोपचांची और टुंडी समेत विभिन्न क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक रहे मौजूद
मुख्य समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम दुबे और एमेली बसु ने किया। बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) कार्यक्रम के तहत धनबाद जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जिले में सबसे पहले शत-प्रतिशत (100%) डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने वाले बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान 38 सिन्दरी विधानसभा की चंचला देवी (पुराना बूथ नं. 279 / नया बूथ नं. 303), 39 निरसा की सावित्री देवी (बूथ नं. 244), 40 धनबाद की उमा कुमारी (पुराना बूथ नं. 391 / नया बूथ नं. 419), 41 झरिया की आरती कुमारी, 42 टुण्डी की कुंती देवी (पुराना बूथ नं. 292 / नया बूथ नं. 319) तथा 43 बाघमारा विधानसभा की बीएलओ बबीता देवी (पुराना बूथ नं. 77 / नया बूथ नं. 83) को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में सबसे पहले 100% डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केजीबीवी गोविंदपुर सहित 39 विद्यालय सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर को सम्मानित किया गया। विद्यालय के हेड मास्टर राखी कुमारी, एसएमसी अध्यक्ष सुशील बक्शी एवं बाल संसद पीएम सुमन सोरेन ने पुरस्कार ग्रहण किया। वही जिला स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तीन हाई स्कूल को भी सम्मानित किया गया। इसमें गोविंदपुर के उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल नगरकियारी, झरिया की गर्ल्स हाई स्कूल रेलवे कॉलोनी भागा एवं टुंडी की उत्क्रमित हाई स्कूल ओझाडीह कटानिया को सम्मानित किया गया।
मिडिल स्कूल में राजकीय मिडिल स्कूल नेरो तोपचांची, राजकीकृत मिडिल स्कूल पंडुकी एवं पीएम श्री राजकीकृत मिडिल स्कूल मूनीडीह प्रोजेक्ट, प्राइमरी स्कूल में प्राइमरी स्कूल किस्टोपुर गोविंदपुर, एनपीएस खास झरिया एवं प्राइमरी स्कूल भेलाटांड़ को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गोविंदपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बस्तीपुर, प्राइमरी स्कूल नेरो गोविंदपुर 1, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नाग नगर गोविंदपुर 2, बलियापुर के उत्क्रमित मिडिल स्कूल गोपीनाथडीह, उत्क्रमित हाई स्कूल दूधिया, मिडिल स्कूल प्रधानखंटा, धनबाद सदर में मिडिल स्कूल बरमसिया, उत्क्रमित मिडिल स्कूल आदिवासी मटकुरिया, मिडिल स्कूल सरायढेला कॉल वाशरी, तोपचांची के उत्क्रमित मिडिल स्कूल लक्ष्मीपुर, प्राइमरी स्कूल मथहाटांड, मिडिल स्कूल बाजुडीह व उत्क्रमित मिडिल स्कूल भालगोरा को सम्मानित किया गया।
साथ ही झरिया के एनपीएस चार नंबर सब्जी बागान झरिया, एसबी हाई स्कूल भागा, बाघमारा के पीएम श्री बीटीएम मलकेरा, पीएम केशलपुर, बालिका मिडिल स्कूल राजगंज, पूर्वी टुंडी के प्राइमरी स्कूल चालधोवा, उत्क्रमित मिडिल स्कूल चुरूरिया, उत्क्रमित मिडिल स्कूल फतेहपुर, एगारकुंड के बालक बालिका मिडिल स्कूल चिरकुंडा, कलियासोल के प्राइमरी स्कूल जयपुर, टुंडी के पीएम श्री मिडिल स्कूल विवेकानंद, मिडल स्कूल मनियाडीह, उत्क्रमित मिडिल स्कूल नेटवारी तथा निरसा के पीएम श्री उत्क्रमित हाई स्कूल मदनडीह, एसएसकेबीएस एवं मिडिल स्कूल खास निरसा को सम्मानित किया गया।
DMFT धनबाद वेब पोर्टल एवं कॉफी टेबल बुक का शुभारंभ
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), धनबाद द्वारा विकास एवं जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में DMFT धनबाद वेब पोर्टल एवं DMFT कॉफी टेबल बुक का शुभारंभ उपायुक्त, एसएसपी, डीडीसी, नगर आयुक्त, एसडीएम समेत वरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया। दोनों पहलें DMFT के माध्यम से जिले में संचालित विकास योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को पारदर्शी, सुलभ और व्यवस्थित रूप से आमजन एवं हितधारकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
DMFT वेब पोर्टल
DMFT धनबाद वेब पोर्टल को जिले में DMFT के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। पोर्टल के माध्यम से नागरिकों एवं अन्य हितधारकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, आजीविका, कौशल विकास, जल संरक्षण तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में DMFT द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ खनन प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगा।
DMFT कॉफी टेबल बुक
DMFT धनबाद कॉफी टेबल बुक जिले में DMFT के माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी पहलों की यात्रा को दस्तावेज और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, आजीविका, कौशल विकास, जल संरक्षण एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उनके प्रभाव को प्रदर्शित किया गया है। कॉफी टेबल बुक का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण करना ही नहीं, बल्कि यह दर्शाना भी है कि DMFT के संसाधनों का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सतत, समावेशी एवं दीर्घकालिक विकास के लिए किस प्रकार किया जा रहा है।
पारदर्शी एवं समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसर पर इन दोनों पहलों का शुभारंभ धनबाद के विकास के प्रति पारदर्शिता, जवाबदेही, नवाचार और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मौके पर उपायुक्तआदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, एसडीएम लोकेश बारंगे समेत डीएमएफटी की टीम मौजूद रहे।
उपायुक्त ने किया आवासीय कार्यालय व समाहरणालय में झंडोत्तोलन
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने अपने आवासीय कार्यालय में सुबह 8:00 बजे तथा समाहरणालय में सुबह 10:00 बजे झंडोत्तोलन किया। वहीं सुबह 10:20 बजे उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मिश्रित भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जबकि अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने 10:30 बजे अनुमंडल कार्यालय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा ने 10:40 बजे गांधी सेवा सदन, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने 10:50 बजे रेड क्रॉस सोसायटी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने 11:00 बजे पुलिस लाइन में झंडोत्तोलन किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अस्पताल का किया भ्रमण
*मरीजों, एमटीसी, एमएनसीयू व आरबीएसके के बच्चों के बीच फल और किट का किया वितरण*
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज समेत अन्य पदाधिकारियों ने सदर अस्पताल का संयुक्त रूप से दौरा किया। इस दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना, उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा उनके बीच फल एवं आवश्यक किट का वितरण किया।
विशेष वार्डों का दौरा: अधिकारियों ने कुपोषण उपचार केंद्र (MTC), मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत इलाजरत बच्चों एवं नवप्रसूताओं समेत आयुष्मान वार्ड, महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड तथा सामान्य वार्ड का दौरा कर मरीजों से मुलाकात की।
बेबी किट एवं फल वितरण: MTC में भर्ती बच्चों तथा MNCU के नवजात शिशुओं के लिए विशेष बेबी किट का वितरण समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया। साथ ही, उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी भर्ती मरीजों व बच्चों के बीच ताजे फल बांटे।
स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाओं की समीक्षा: उपायुक्त ने कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, नवजात शिशुओं की देखभाल, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
अस्पताल प्रबंधन को निर्देश: सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने तथा बाल व मातृ स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार, संबंधित चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




