जयराम महतो की गिरफ्तारी पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम, 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित दुर्व्यवहार और धमकी मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो की पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

जयराम महतो की गिरफ्तारी पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम, 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने दिया पांच दिनों का अल्टीमेटम।

Advertisement

      HighLights:

  • जयराम महतो की गिरफ्तारी पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम
  • पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे झारखंड में आंदोलन की चेतावनी
  • बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित अभद्रता और धमकी का मामला तूल पकड़ा
  • धनबाद में पुलिसकर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

धनबाद/रांची(Threesocieties.com Desk):  डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित दुर्व्यवहार, धमकी और थाना परिसर में तोड़फोड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर पूरे राज्य में आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

पांच दिन में गिरफ्तारी नहीं तो राज्यव्यापी आंदोलन

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने धनबाद एसएसपी को भेजे पत्र में कहा है कि बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर तत्काल कार्रवाई की जाए। एसोसिएशन ने इसके लिए पुलिस प्रशासन को पांच दिनों का समय दिया है।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्य की विभिन्न शाखाओं और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्री, मुख्य सचिव, गृह विभाग के प्रधान सचिव और पुलिस महानिरीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।

21 अगस्त की रात का मामला, व्हाट्सऐप कॉल से शुरू हुआ विवाद

एसोसिएशन के अनुसार, 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो के मोबाइल नंबर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सऐप कॉल की गई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और धमकी दी गई। एसोसिएशन का दावा है कि बातचीत के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ देर रात बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। कार्यालय की मेज पर रखे सामान को इधर-उधर करने और कुछ सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि विधायक की ओर से सरकार बदलने के बाद थाना प्रभारी को खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद करने जैसी धमकी दी गई।

22 अगस्त को दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना के बाद बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के प्रतिवेदन के आधार पर 22 अगस्त को कांड संख्या 146/26 दर्ज की गई। प्राथमिकी में विधायक जयराम कुमार महतो समेत 10 नामजद आरोपियों और 40-50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में बीएनएस की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब इसी मामले में पुलिस एसोसिएशन विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गया है।

काला बिल्ला लगाकर पुलिसकर्मियों ने जताया विरोध

पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने घटना के विरोध में काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। संगठन की ओर से यह मांग भी उठाई गई है कि जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य से अनिश्चितकालीन रूप से अलग रहने की अनुमति दी जाए।एसोसिएशन का कहना है कि इस घटना से केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों में नाराजगी है।

सोशल मीडिया पर बयान को लेकर भी नाराजगी

एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने आरोप लगाया कि विधायक जयराम महतो सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो जारी कर रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि तथ्य से परे दिए जा रहे ऐसे बयानों से वर्दीधारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है। संगठन ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जाती।

पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर जताई चिंता

पुलिस एसोसिएशन ने विधायक की कथित धमकी को गंभीर बताते हुए बरवाअड्डा थाना प्रभारी और वहां तैनात अन्य पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। एसोसिएशन का आरोप है कि थाना प्रभारी को ड्यूटी से बाहर मिलने पर सबक सिखाने जैसी बातें कही गई हैं। संगठन का कहना है कि इससे पुलिसकर्मियों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका पैदा हुई है।

एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस मुख्यालय को भी कराया अवगत

मामले को लेकर पुलिस एसोसिएशन ने केवल धनबाद एसएसपी को ही पत्र नहीं भेजा है, बल्कि राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी है। संगठन चाहता है कि मामले में कानून के तहत जल्द कार्रवाई हो और पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया जाए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम करते हैं और किसी भी जनप्रतिनिधि या व्यक्ति को उनके साथ अभद्रता या धमकी देने का अधिकार नहीं है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन ने दोहराई मांग

रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने एक बार फिर विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग दोहराई। इस दौरान उपाध्यक्ष महताब आलम और रोहित कुमार रजक, संगठन सचिव मंटू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो और राकेश कुमार पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने कहा कि अब गेंद पुलिस प्रशासन के पाले में है। पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।