JPSC-JSSC Protest: सरकार से वार्ता के लिए 8 छात्रों का डेलिगेशन फाइनल, 13वें दिन भी आंदोलन तेज
रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आंदोलन 13वें दिन भी जारी है। सरकार से वार्ता के लिए 8 छात्रों का प्रतिनिधिमंडल घोषित किया गया है। पुलिस बहाली अभ्यर्थियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।
HighLights:
- 13वें दिन भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी
- सरकार से वार्ता के लिए 8 छात्र, 2 पत्रकार और 1 कानूनविद का प्रतिनिधिमंडल घोषित
- छात्र प्रतिनिधि ही सरकार के सामने रखेंगे सभी मांगें और तथ्य
- पुलिस बहाली के अभ्यर्थियों ने भी आंदोलन को दिया समर्थन
रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड में JPSC-JSSC समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आंदोलन के 13वें दिन छात्रों ने सरकार से होने वाली संभावित वार्ता के लिए आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल की घोषणा कर दी है। इस बीच पुलिस बहाली के अभ्यर्थियों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन देकर प्रदर्शन को और मजबूती दी है।
यह भी पढ़ें: वंदे भारत के लोको पायलट केबिन में वायरल हुई रील! TI की पत्नी का डांस पहुंचा रेलवे बोर्ड, सुरक्षा पर सवाल
आंदोलनकारी छात्रों ने साफ किया है कि सरकार से होने वाली बातचीत में सिर्फ छात्र प्रतिनिधि ही अपनी मांगें और तथ्य रखेंगे। पत्रकार और कानूनविद केवल मार्गदर्शक एवं अभिभावक की भूमिका निभाएंगे।
8 छात्र करेंगे सरकार से सीधी बातचीत
जारी सूची के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र हैं—
रविन्द्र पासवान
पीयूष कुमार सिंह
रविन्द्र कुमार रवि
राजेश प्रसाद
नीतू कुजूर
कार्तिक सोरेन
संदीप कुमार
शालू सिंह
पत्रकार प्रतिनिधि
शंभूनाथ चौधरी
विकास वर्मा
कानूनविद
अजीत कुमार
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान पत्रकार और कानूनविद किसी भी विषय पर सरकार के समक्ष अपनी ओर से कोई पक्ष नहीं रखेंगे।
वार्ता के लिए बनाए गए सख्त नियम
प्रतिनिधिमंडल की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि—
छात्र प्रतिनिधि ही सभी मांगें सरकार के सामने रखेंगे।
पत्रकार और कानूनविद केवल सलाहकार की भूमिका में रहेंगे।
कोई भी पत्रकार बैठक कक्ष में माइक, कैमरा, रिकॉर्डिंग डिवाइस या अन्य प्रसारण उपकरण लेकर प्रवेश नहीं करेगा।
पूरी वार्ता शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाएगी।
पुलिस बहाली अभ्यर्थियों ने दिया समर्थन
गुरुवार को पुलिस बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने स्टेडियम का चक्कर लगाते हुए नारेबाजी की और कहा कि जब तक भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच नहीं होगी, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि वर्षों की मेहनत के बाद यदि नौकरियां पैसे या प्रभाव के आधार पर मिलेंगी तो लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सरकार ने वार्ता के लिए बुलाया, समय-स्थान का इंतजार
छात्रों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से वार्ता के लिए आमंत्रण मिला है, लेकिन बैठक का समय और स्थान अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है। इससे पहले आंदोलन की कोर कमेटी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी और उसके बाद ही प्रतिनिधिमंडल वार्ता में शामिल होगा।
मीडिया की मौजूदगी में हो बातचीत
आंदोलनकारी छात्रों ने मांग की है कि सरकार के साथ होने वाली वार्ता पूरी तरह पारदर्शी हो। उनका कहना है कि बातचीत मीडिया और सभी संबंधित पक्षों की मौजूदगी में हो, ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। छात्रों ने दोहराया कि उनकी सबसे बड़ी मांग JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच है। जब तक इस पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।




