दो महीने के ‘होल्ड’ के बाद फिर लौटी कुमार गौरव की सत्ता, युवा कांग्रेस की कमान संभालते ही 7 सितंबर को राजभवन घेराव का ऐलान

Jharkhand Youth Congress: करीब दो महीने बाद कुमार गौरव की फिर प्रदेश अध्यक्ष पद पर वापसी हुई है। 7 सितंबर को एमएमडीआर विधेयक के विरोध में रांची राजभवन घेराव का ऐलान किया।

दो महीने के ‘होल्ड’ के बाद फिर लौटी कुमार गौरव की सत्ता, युवा कांग्रेस की कमान संभालते ही 7 सितंबर को राजभवन घेराव का ऐलान
वापसी के साथ ही कुमार गौरव ने संगठन को और सक्रिय करने का दिया संकेत।

Advertisement

     Highlights:

  • करीब दो महीने बाद कुमार गौरव को फिर मिली झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी
  • युवक कांग्रेस आज धनबाद भाजपा कार्यालय का करेगा घेराव
  • सितंबर को एमएमडीआर विधेयक के विरोध में रांची में बड़ा प्रदर्शन
  • राज्य के सभी 24 जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : करीब दो महीने तक झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पद होल्ड पर रहने के बाद कुमार गौरव उर्फ सोनू सिंह की एक बार फिर संगठन में वापसी हो गई है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दोबारा झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पद संभालने के बाद कुमार गौरव ने संगठन को सक्रिय करने के साथ ही राज्य के ज्वलंत मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति भी स्पष्ट कर दी है।

धनबाद स्थित अपने आवासीय कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार गौरव ने अपनी वापसी, संगठन की आगामी गतिविधियों और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पद होल्ड पर रहने के बावजूद उन्होंने संगठन और छात्र हित से जुड़े मुद्दों से खुद को अलग नहीं किया और लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

दो महीने बाद फिर मिली जिम्मेदारी

कुमार गौरव ने बताया कि कुछ कारणों से उनका प्रदेश अध्यक्ष पद होल्ड पर रखा गया था। इस दौरान पद की औपचारिक जिम्मेदारी भले ही प्रभावित रही, लेकिन उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों, छात्र आंदोलनों और छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर अपनी सक्रियता बनाए रखी। उनके अनुसार, संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को देखते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने 27 अगस्त को उन्हें दोबारा झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी। कुमार गौरव की वापसी को युवा कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो महीने तक चले घटनाक्रम के बाद पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें फिर से जिम्मेदारी दिया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि संगठन ने उनके नेतृत्व पर दोबारा भरोसा जताया है।

वापसी के साथ आंदोलन का ऐलान

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद कुमार गौरव ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 7 सितंबर को रांची में एमएमडीआर विधेयक के विरोध में विशाल प्रदर्शन और राजभवन घेराव किया जाएगा। कुमार गौरव ने दावा किया कि कार्यक्रम में झारखंड के सभी 24 जिलों से युवा कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस राज्य और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर लोकतांत्रिक संस्थानों तक अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भी प्रदर्शन

गौैरव ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ की मानसिकता के विरोध में 31 अगस्त, दोपहर 2 बजे धनबाद के बलियापुर स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री Uday Bhanu Chib जी के निर्देशानुसार एकजुट होकर भाजपा की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराएंगे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के मामले को लेकर भी कुमार गौरव ने विरोध जताया। कुमार गौरव ने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

विवाद के बीच कायम रही सक्रियता

कुमार गौरव का प्रदेश अध्यक्ष पद करीब दो महीने तक होल्ड पर रहा था। जून के अंतिम सप्ताह में उन पर अनुशासनहीनता से संबंधित आरोप लगाए गए थे। पार्टी के भीतर एक महिला नेत्री की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की ओर से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से होल्ड पर रखने की अधिसूचना जारी की गई थी। हालांकि, कुमार गौरव ने इस पूरे घटनाक्रम के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और छात्र हित के मुद्दों से अपनी सक्रियता बनाए रखने का दावा किया। अब पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद यह अध्याय फिलहाल नए मोड़ पर पहुंच गया है। उनकी वापसी के साथ ही युवा कांग्रेस ने आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार गौरव ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस को बूथ और जिला स्तर तक और अधिक सक्रिय किया जाएगा। युवाओं, छात्रों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को संगठन के प्रमुख एजेंडे में शामिल करते हुए आंदोलन को धार देने की तैयारी है। उनकी वापसी के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नई सक्रियता देखने को मिल रही है। संगठन की ओर से 7 सितंबर के राजभवन घेराव को लेकर जिलावार तैयारियां तेज किए जाने की बात कही गई है। कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों पर पीछे हटने वाली नहीं है और आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजू दास, खुर्शीद अंसारी, तबरेज खान, अरविंद कुमार सैनी, टिंकू अंसारी, यूसुफ अली समेत युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजनीतिक संदेश भी अहम

कुमार गौरव की दो महीने बाद दोबारा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वापसी ऐसे समय हुई है, जब युवा कांग्रेस राज्य में आंदोलनात्मक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी में है। पद पर लौटते ही राजभवन घेराव का ऐलान और राष्ट्रीय नेतृत्व के समर्थन में प्रदर्शन की घोषणा ने उनकी वापसी को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बना दिया है। फिलहाल कुमार गौरव के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन को एकजुट करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाना है। 7 सितंबर का राजभवन घेराव उनकी वापसी के बाद युवा कांग्रेस की पहली बड़ी राजनीतिक गतिविधियों में से एक होगा।