17 साल के पति से प्रेम विवाह, एक महीने बाद मौत! 40 वर्षीय पत्नी ने पूर्व प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश

बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 40 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर शादी के महज एक महीने बाद पति की हत्या की साजिश रची। जानिए पूरा मामला।

17 साल के पति से प्रेम विवाह, एक महीने बाद मौत! 40 वर्षीय पत्नी ने पूर्व प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश
40 साल की पत्नी ने 17 वर्षीय पति को प्रेमी संग उतारा मौत के घाट।

Advertisement

       HighLights:

  • 17 साल 5 माह के किशोर से 40 वर्षीय महिला ने किया था प्रेम विवाह।
  • शादी के महज एक महीने बाद पति की हत्या की साजिश रची।
  • पूर्व प्रेमी मुन्ना गुप्ता के साथ मिलकर सुनसान खेत में दिया वारदात को अंजाम।
  • कीटनाशक पिलाने के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप।

बोकारो (Threesocieties.com Desk): झारखंड के बोकारो जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जरीडीह थाना क्षेत्र के कुम्हारडीह में 17 साल 5 माह के किशोर बासुदेव कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उसकी 40 वर्षीय पत्नी राखी रवानी और उसके कथित पूर्व प्रेमी मुन्ना गुप्ता उर्फ दुर्गेश गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: BCCL के नए HR निदेशक की दौड़ तेज, 13 अगस्त को 12 दिग्गज अधिकारियों का इंटरव्यू, जल्द होगा बड़ा फैसला

पुलिस के अनुसार, जून 2026 में प्रेम विवाह करने वाले इस दंपती की शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। इस मामले का खुलासा वैज्ञानिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच के बाद हुआ।

एक महीने पहले हुई थी शादी, फिर रची गई मौत की साजिश

मृतक बासुदेव कुमार गांधाजोड़ (थाना चास) का रहने वाला था। वहीं आरोपी राखी रवानी मूल रूप से चास के सोलागीडीह की निवासी है। पुलिस के अनुसार, राखी ने अपने से लगभग 23 वर्ष छोटे किशोर बासुदेव को प्रेमजाल में फंसाकर मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद दोनों तुपकाडीह में किराये के मकान में रहने लगे। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद राखी फिर से अपने पुराने प्रेमी मुन्ना गुप्ता के संपर्क में आ गई।

20 साल पुराना प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 20 वर्ष पहले राखी की शादी बिहार के मोतिहारी निवासी युवक से हुई थी, जिससे उसका एक बेटा भी है। पति से अलग होने के बाद उसका संबंध मुन्ना गुप्ता से हो गया था। बाद में मुन्ना ने दूसरी शादी कर ली, लेकिन दोनों के बीच संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। इसी पुराने रिश्ते ने अंततः एक नई शादी का दुखद अंत कर दिया।

कीटनाशक पिलाया, फिर गला दबाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को राखी और मुन्ना ने बासुदेव को बहाने से कार में बैठाया और कुम्हारडीह के सुनसान खेत में ले गए। वहां पहले उसे स्ट्राइक-550 प्लस नामक कीटनाशक पिलाया गया। जब उसकी हालत बिगड़ गई तो दोनों ने कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाने की कोशिश भी की गई, लेकिन योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी।

भाई के शक से खुला पूरा मामला

मृतक के चचेरे भाई मुकेश सिंह ने शुरुआत से ही राखी रवानी और उसके पूर्व प्रेमी पर हत्या का संदेह जताते हुए जरीडीह थाना में आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया था कि राखी का पुराने प्रेमी से लगातार संपर्क था और उसे आशंका थी कि दोनों ने मिलकर बासुदेव की हत्या की है। इसी आधार पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

पूछताछ में टूटे दोनों आरोपी

पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच की। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों ने कथित रूप से हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कई अहम सामान बरामद किए हैं, जिनमें— हत्या में प्रयुक्त कार, दोनों के मोबाइल फोन, फंदा बनाने में इस्तेमाल साड़ी का टुकड़ा, मृतक की चप्पल, स्ट्राइक-550 प्लस कीटनाशक की शीशी व  मृतक की शर्ट बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस कर रही मामले की आगे की जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। अब तक मिले तकनीकी, वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य आरोपियों के खिलाफ मजबूत आधार बने हैं। पुलिस चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटी है।