मध्य प्रदेश: छतरपुर में खौफनाक वारदात: मां के प्रेमी ने दो मासूम भाइयों को अगवा कर मार डाला

छतरपुर के लवकुशनगर में दो मासूम सगे भाइयों की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मां के प्रेमी पर हत्या का शक है। दोनों के शव कुएं से बरामद हुए। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

मध्य प्रदेश: छतरपुर में खौफनाक वारदात: मां के प्रेमी ने दो मासूम भाइयों को अगवा कर मार डाला
दोनों मासूम व आरोपी (फाइल फोटो)

Advertisement

     HighLights:

  • लवकुशनगर के निजी स्कूल में पढ़ते थे दोनों मासूम भाई
  • स्कूल से घर लौटते समय दोनों को बाइक से ले जाने का आरोप
  • पहाड़तरे के पुरवा के पास कुएं से बरामद हुए दोनों बच्चों के शव
  • प्रारंभिक जांच में मां के प्रेमी पर हत्या का संदेह

ग्वालियर (Threesocieties.com Desk):  मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर में दो मासूम सगे भाइयों के अपहरण और हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। निजी स्कूल से घर लौट रहे 11 वर्षीय सचिन और 9 वर्षीय प्रेम अचानक लापता हो गए थे। तलाश के दौरान दोनों के शव रविवार दोपहर पहाड़तरे के पुरवा के पास एक कुएं से बरामद किए गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चों की हत्या के पीछे उनकी मां के प्रेमी का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चों को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। पुलिस आरोपी बालेंद्र सिंह, निवासी पुरवा बम्होरी, की तलाश में जुटी है। वहीं, बच्चों की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

स्कूल से लौटते समय दोनों भाई हुए लापता

जानकारी के अनुसार लवकुशनगर के सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दोनों बेटे सचिन और प्रेम एक निजी स्कूल में पढ़ते थे। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो बच्चों की मां संगीता ने लवकुशनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की और उनके स्कूल से घर लौटने के रास्ते की भी जांच की।

बाइक से ले जाने का सामने आया सुराग

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। बताया गया कि रास्ते में एक युवक ने बच्चों के स्कूल बैग और साइकिल को एक गुमटी पर रखवाया और दोनों को बाइक से अपने साथ ले गया। पुलिस को इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। जांच में युवक की पहचान बालेंद्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चों के घर आता-जाता था और उनकी मां से उसके करीबी संबंध बताए जा रहे हैं।

कुएं में मिले दोनों मासूमों के शव

बच्चों की तलाश के बीच रविवार दोपहर पहाड़तरे के पुरवा के पास एक कुएं से दोनों भाइयों के शव बरामद किए गए। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

बच्चों को रिश्ते में बाधा मानता था आरोपी

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के बच्चों की मां से करीबी संबंध थे। बच्चों के पिता निरपत यादव काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी बच्चों को अपने रिश्ते में बाधा मानता था और इसी वजह से उसने दोनों को रास्ते से हटाने की साजिश रची। छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के मुताबिक आरोपी को बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए देखा गया है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

मां की भूमिका की भी जांच

पुलिस इस मामले में बच्चों की मां की भूमिका को भी जांच के दायरे में रख रही है। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी कहानी और साजिश का खुलासा हो सकेगा। दो मासूम भाइयों की हत्या ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया है।