BBMKU में बड़ा ऐलान: तोपचांची और बाघमारा में खुलेंगे प्रोफेशनल कॉलेज, AI-BBA-BCA कोर्स की होगी पढ़ाई
BBMKU में उच्च शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला। धनबाद के तोपचांची और बाघमारा में नए प्रोफेशनल कॉलेज खुलेंगे, जहां AI, BBA, BCA समेत रोजगारोन्मुख कोर्स पढ़ाए जाएंगे। शिक्षकों की नियुक्ति झारखंड यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन से होगी और विश्वविद्यालय की कई रुकी परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली।
HighLights
- तोपचांची और बाघमारा में दो नए प्रोफेशनल कॉलेज खोलने की तैयारी।
- AI, BBA, BCA समेत रोजगारोन्मुख कोर्स शुरू करने की योजना।
- अगले दो वर्षों में दोनों कॉलेजों में दाखिला शुरू करने का लक्ष्य।
- अगले वर्ष से झारखंड यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन के जरिए होगी शिक्षकों की नियुक्ति।
- BBMKU में लैब, लाइब्रेरी और अन्य सुविधाओं के लिए रुकी हुई राशि होगी रिवाइव।
- बिजनेस कॉलेज, ऑडिटोरियम और सेकेंड फेज परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने ने धनबाद जिले के तोपचांची और बाघमारा में दो नए रोजगारोन्मुख प्रोफेशनल कॉलेज खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इन कॉलेजों में ऐसे आधुनिक और प्रोफेशनल कोर्स संचालित किए जाएंगे, जिनसे छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद सीधे रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मंगलवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने BBMKU में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों कॉलेजों के लिए ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है तथा राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों और प्रोफेसरों से पाठ्यक्रम को लेकर सुझाव लिए जा रहे हैं। कई रोजगारोन्मुख कोर्स पर प्रारंभिक सहमति भी बन चुकी है।
AI, BBA, BCA सहित आधुनिक कोर्स होंगे शुरू
प्रधान सचिव ने बताया कि नए प्रोफेशनल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), BBA, BCA सहित ऐसे कई पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनकी वर्तमान समय में उद्योग और रोजगार बाजार में अधिक मांग है। इसके अलावा इतिहास और अन्य विषयों से जुड़े ऐसे व्यावसायिक कोर्स भी शामिल किए जाएंगे, जिनसे छात्रों को सीधे रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों के भीतर दोनों कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया शुरू करना है।
झारखंड यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन करेगा शिक्षकों की नियुक्ति
उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में भी बड़ा फैसला लिया है। राहुल पुरवार ने बताया कि अगले वर्ष से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति झारखंड यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन (JUSC) के माध्यम से होगी। यह आयोग विश्वविद्यालय स्तर की नियुक्तियों का कार्य संभालेगा, जो अब तक JPSC और JSSC के माध्यम से किया जाता था।
रुकी हुई करोड़ों की योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
BBMKU में करीब 77 करोड़ और 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लैब, लाइब्रेरी, फर्नीचर और अन्य उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई है। इनमें से 5 करोड़ रुपये की राशि 18 जुलाई को लैप्स होने वाली थी। प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया कि राशि को रिवाइव कराया जाएगा और अक्टूबर-नवंबर तक छात्रों को आधुनिक लैब और लाइब्रेरी की सुविधा मिलने लगेगी।
बिजनेस कॉलेज और अन्य परियोजनाओं पर भी तेजी
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से पीके राय मेमोरियल कॉलेज, लॉ कॉलेज, बिजनेस कॉलेज और परीक्षा विभाग के लिए कुल 27 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी गई है। बिजनेस कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा BBMKU परिसर में बंद पड़े 8 करोड़ रुपये के सेंट्रल एसी सिस्टम को लेकर भी उन्होंने कहा कि इसे आपसी समन्वय से चालू किया जाना चाहिए, बंद रखना समाधान नहीं है।
इन परियोजनाओं को भी मिला निर्देश
समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
BBMKU सेकेंड फेज का फाइनल DPR एक सप्ताह में तैयार होगा।
नावाडीह (बोकारो) डिग्री कॉलेज नवंबर तक हैंडओवर होगा।
न्यू वूमेन्स कॉलेज बोकारो और RSP कॉलेज का निर्माण कार्य तेज होगा।
आरएस मोड़ कॉलेज की बाउंड्री वॉल दो महीने में पूरी होगी।
BBMKU ऑडिटोरियम का निर्माण एक सप्ताह में शुरू होगा।
मैथन कॉलेज की फर्निशिंग और SSLNT कॉलेज का कार्य नवंबर तक पूरा होने की संभावना।
CM Fellowship योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश।
क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं की पढ़ाई के केंद्रीकृत मॉडल पर विचार।
लैप्स हुई राशि के लिए कॉलेजों को नया प्रस्ताव भेजने का निर्देश।
'विश्वविद्यालय का काम पढ़ाई कराना है, टेंडर नहीं'
विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में आउटसोर्स कर्मचारियों के टेंडर लंबे समय से लंबित रहने पर प्रधान सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य कार्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, न कि टेंडर प्रक्रिया में उलझना। इसके लिए जिला स्तर पर अलग व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
प्रधान सचिव के दौरे से पहले चमका BBMKU परिसर
प्रधान सचिव के दौरे से पहले BBMKU परिसर में कई महीनों से बंद पड़ा फाउंटेन चालू करा दिया गया। परिसर में सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी गई। विश्वविद्यालय परिसर की बदली हुई व्यवस्था चर्चा का विषय बनी रही।
कुलपति ने किया सम्मानित
दौरे के दौरान प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित बिनोद बाबू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कुलपति प्रो. रामकुमार सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।




