धनबाद में रोजगार की बड़ी सौगात! 76 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी ने VC से बढ़ाया हौसला

धनबाद के रेलवे ऑडिटोरियम में आयोजित 19वें रोजगार मेले में 76 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद ढुल्लू महतो और विधायक राज सिन्हा शामिल हुए।

धनबाद में रोजगार की बड़ी सौगात! 76 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी ने VC से बढ़ाया हौसला
धनबाद रोजगार मेले में युवाओं की चमकी किस्मत।
  • रोजगार मेले में युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : देश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को धनबाद में 19वें रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। धनबाद रेलवे ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में 76 सफल युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही युवाओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी, जबकि पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

यह भी पढ़ें: SAIL में युवाओं के लिए सुनहरा मौका! इस्पात संयंत्रों में 48 युवा विशेषज्ञों की बंपर बहाली, लाखों तक मिलेगा पैकेज

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और विधायक राज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया।

पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बांटे नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम का सबसे अहम क्षण तब आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को एक साथ नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत धनबाद में भी 76 युवाओं को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार : अन्नपूर्णा देवी

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ रोजगार मेले का आयोजन यह दर्शाता है कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहा है, जिससे देश की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है।

युवाओं के हुनर को मिल रहा मंच : ढुल्लू महतो

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने रोजगार मेले को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के हुनर और क्षमता को पहचान कर उन्हें रोजगार से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के सपनों को नई दिशा देने का माध्यम भी है।

रोजगार मेला युवाओं के सपनों को दे रहा नई उड़ान : राज सिन्हा

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया और रोजगार मेलों की व्यवस्था से युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश के प्रशासनिक और तकनीकी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी और अभिभावक

इस अवसर पर रेलवे, डाक विभाग और अन्य केंद्रीय विभागों के अधिकारी, अभ्यर्थियों के परिजन और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा अवसर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया।