IIM रांची का ग्लोबल जलवा: रांची के अनुज बने अफ्रीकी कंपनी के CEO, मिला 1.2 करोड़ का पैकेज
आईआईएम रांची के Executive MBA छात्र अनुज श्रीवास्तव को अफ्रीकी कंपनी में CEO पद पर 1.2 करोड़ रुपये सालाना पैकेज मिला है। IIM Ranchi की फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट 2025-26 में 96 कंपनियों ने छात्रों को ऑफर दिए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
- करोड़ों के पैकेज से चमका IIM Ranchi
- रांची के बेटे ने विदेश में बढ़ाया झारखंड का मान
रांची (Threesocieties.com Desk) : झारखंड की राजधानी रांची के लिए गर्व की खबर सामने आई है। आईआईएम रांची के Executive MBA (E-MBA) 2024-26 बैच के छात्र अनुज श्रीवास्तव ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने न सिर्फ संस्थान बल्कि पूरे झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। अनुज को अफ्रीका की प्रतिष्ठित कंपनी “एस्केला” ने सालाना 1.2 करोड़ रुपये के पैकेज पर नियुक्त किया है। खास बात यह है कि उन्हें सीधे कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद मेयर संजीव सिंह का बड़ा ऐलान! नहीं लेंगे मानदेय, जनता के पैसे से होगा सिर्फ विकास
बताया जा रहा है कि पिछले 16 वर्षों के इतिहास में यह आईआईएम रांची का अब तक का सबसे बड़ा प्लेसमेंट पैकेज है। इस उपलब्धि ने संस्थान को देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों की कतार में और मजबूती से खड़ा कर दिया है।
रांची के कोयला विहार से अफ्रीका तक का सफर
रांची के कोयला विहार निवासी अनुज श्रीवास्तव वर्तमान में एस्सार प्रोजेक्ट्स में “हेड प्रोजेक्ट्स” के पद पर कार्यरत हैं। वे इन दिनों अफ्रीका में कंपनी की कई बड़ी परियोजनाओं का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्षों का अनुभव, प्रबंधन क्षमता और नेतृत्व कौशल ही उनकी इस बड़ी सफलता की सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है। अनुज की इस उपलब्धि से आईआईएम रांची परिसर में खुशी का माहौल है। छात्रों और शिक्षकों ने इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक पल बताया है।
IIM रांची ने जारी की फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट 2025-26
आईआईएम रांची ने 6 मई को शैक्षणिक सत्र 2025-26 की फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष विभिन्न कोर्सों के छात्रों को 96 कंपनियों ने प्लेसमेंट ऑफर दिए। संस्थान के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव और कॉर्पोरेट रिलेशन चेयरपर्सन प्रो. राजीव वर्मा की मौजूदगी में रिपोर्ट जारी की गई। संस्थान ने दावा किया कि इस बार छात्रों की संख्या में 31.15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
53 नई कंपनियां पहली बार प्लेसमेंट में शामिल
आईआईएम रांची की कॉर्पोरेट रिलेशन टीम ने इस बार 53 नई कंपनियों से संपर्क कर उन्हें कैंपस प्लेसमेंट से जोड़ा। वहीं 70 से अधिक इंडस्ट्री लीडर्स और मैनेजमेंट एक्सपर्ट्स ने छात्रों को लीडरशिप टॉक के जरिए मार्गदर्शन दिया।
MBA छात्रों को मिला 52.50 लाख तक का पैकेज
एमबीए प्रोग्राम में 72.83 प्रतिशत फ्रेशर्स और 42.93 प्रतिशत छात्राएं शामिल हुईं। इस कोर्स में 60 कंपनियों ने प्लेसमेंट ऑफर दिए।
सबसे बड़ा पैकेज : 52.50 लाख रुपये
औसत पैकेज : 19.24 लाख रुपये
टॉप 25% छात्रों का औसत पैकेज : 24.83 लाख रुपये
22.35% छात्रों को PPO मिला
समर इंटर्नशिप के दौरान छात्रों के स्टाइपेंड में भी 23.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम स्टाइपेंड 3.69 लाख रुपये रहा।
MBA-HRM छात्रों को मिला शानदार रिस्पॉन्स
एमबीए-एचआरएम प्रोग्राम में शामिल 40.54 प्रतिशत छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला।
सबसे बड़ा पैकेज : 22.75 लाख रुपये
औसत पैकेज : 17.74 लाख रुपये
टॉप 25% छात्रों का औसत पैकेज : 20.95 लाख रुपये
MBA-Business Analytics में 22% तक बढ़ा पैकेज
एमबीए-बीए छात्रों के बीच इस बार पैकेज में 22.16 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सबसे बड़ा पैकेज : 32.13 लाख रुपये
औसत पैकेज : 20.99 लाख रुपये
टॉप 25% छात्रों का औसत पैकेज : 27.81 लाख रुपये
बैंकिंग, कंसल्टिंग, आईटी, एनालिटिक्स, फिनटेक और इंश्योरेंस सेक्टर की कंपनियों ने छात्रों को ऑफर दिए।
Amazon से JP Morgan तक, बड़ी कंपनियों ने दिया मौका
आईआईएम रांची के छात्रों को इस बार देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियों ने ऑफर दिए। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
Amazon
SAP Labs
DE Shaw
JP Morgan Chase
Wells Fargo
HSBC
Tata Capital
Aditya Birla Group
Deloitte
Accenture
Maruti Suzuki
Cognizant
इन कंपनियों ने छात्रों को मैनेजमेंट, कंसल्टिंग, फाइनेंस, आईटी और सप्लाई चेन जैसी भूमिकाओं के लिए नियुक्त किया।
QS Executive MBA Ranking 2026 में भी मिली जगह
आईआईएम रांची ने हाल ही में QS Executive MBA Ranking 2026 में भी अपनी जगह बनाई है। इसे संस्थान की बढ़ती वैश्विक पहचान और अकादमिक उत्कृष्टता का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है। साथ ही Executive MBA (EMBA) 2026-28 समर बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।






