रामगढ़ एनकाउंटर: राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा, सनी सिंह के पैर में गोली; थाना प्रभारी भी घायल

रामगढ़ के भुरकुंडा में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, सनी सिंह घायल होकर गिरफ्तार, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता को भी लगी चोट।

रामगढ़ एनकाउंटर: राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा, सनी सिंह के पैर में गोली; थाना प्रभारी भी घायल
रामगढ़ में पुलिस–गैंग आमने-सामने।
  • गोलियों की गूंज से दहला भुरकुंडा

रामगढ़(Threesocieties.com Desk): झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में गैंग का सक्रिय सदस्य सनी सिंह पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल प्रसाद गुप्ता भी इस दौरान चोटिल हो गए।

यह भी पढ़ें: NIA का नक्सल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार, 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा गैंग के 7 खूंखार माओवादी रडार पर

 गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

सुबह करीब 5:30 बजे दुमुहानी पुल के पास जंगल इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल, जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एक SIT टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य भुरकुंडा इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भुरकुंडा और पतरातु इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल अपराधी

छापेमारी के दौरान जैसे ही पुलिस टीम दुमुहाना मंदिर के पास पहुंची, संदिग्ध अपराधियों ने पुलिस वाहन को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में लगी। थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता बाल-बाल बचे, लेकिन कांच के टुकड़ों से घायल हुए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सनी सिंह के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

 घायल आरोपी गिरफ्तार, अस्पताल में भर्ती

घायल हालत में सनी सिंह को तुरंत CCL अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके से पुलिस ने बरामद किया:

2 देसी पिस्तौल
7 खोखा
मोबाइल और बैग
फरार अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन

मुठभेड़ के दौरान गैंग के अन्य सदस्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। एसपी अजय कुमार खुद मौके पर पहुंचे व छानबीन की। एसपी ने ऑपरेशन की निगरानी की।

बड़ी वारदात की साजिश नाकाम

पुलिस के अनुसार, समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो गैंग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता था। फिलहाल, इस एनकाउंटर को बड़ी सफलता माना जा रहा है।