गया–चतरा रेल लाइन पर बढ़ा बड़ा कदम: सांसद कालीचरण सिंह की पहल रंग लाई, शुरू होगी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया
गया–चतरा नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना में बड़ी प्रगति हुई है। सांसद कालीचरण सिंह की पहल से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिससे चतरा में विकास और बेहतर रेल कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा।
HighLights
- गया–चतरा नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना में बड़ी प्रगति
- भूमि अधिग्रहण के लिए CALA नियुक्ति प्रक्रिया शुरू
- सांसद कालीचरण सिंह की पहल से परियोजना ने पकड़ी रफ्तार
- रोजगार, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
- वर्षों से रेल लाइन का इंतजार कर रहे लोगों में खुशी
चतरा (Threesocieties.com Desk): चतरा जिले की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना अब धीरे-धीरे धरातल पर उतरती नजर आ रही है। गया–चतरा नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। सांसद कालीचरण सिंह की पहल और लगातार प्रयासों के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: दिव्यांग महिला की फरियाद सुनने जमीन पर बैठे थाना प्रभारी अमित कुमार राय, चंदनकियारी में इंसानियत की मिसाल बने

पूर्व मध्य रेलवे, गया की ओर से 30 मई 2026 को चतरा उपायुक्त को पत्र भेजकर भूमि अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी (CALA) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है। इस कदम को परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू नहीं होने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
स्पेशल रेलवे प्रोजेक्ट का मिल चुका है दर्जा
गया–चतरा रेल लाइन परियोजना को पहले ही “स्पेशल रेलवे प्रोजेक्ट” का दर्जा दिया जा चुका है। इससे परियोजना को प्राथमिकता मिलने लगी है। अब भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ने से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।
चतरा को मिलेगा रेल कनेक्टिविटी का बड़ा फायदा
यह रेल परियोजना केवल एक नई रेल लाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे चतरा के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ माना जा रहा है। रेल लाइन बनने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। रेल विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर रेल नेटवर्क से चतरा जैसे क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनता के वर्षों पुराने सपने को मिली नई उम्मीद
चतरा की जनता लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रही थी। कई वर्षों से विभिन्न मंचों पर रेल लाइन की मांग उठती रही है। अब जब भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, तो लोगों को उम्मीद जगी है कि उनका वर्षों पुराना सपना जल्द साकार हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि परियोजना समय पर पूरी होती है, तो यह पूरे इलाके की तस्वीर बदल सकती है।
सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों की हो रही चर्चा
क्षेत्र में इस प्रगति का श्रेय सांसद कालीचरण सिंह के लगातार प्रयासों को दिया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि सांसद द्वारा लगातार रेलवे अधिकारियों और संबंधित मंत्रालय के समक्ष इस परियोजना को लेकर फॉलोअप किया गया, जिसका असर अब दिखाई देने लगा है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है और निर्माण कार्य कब शुरू होता है।






