- धनबाद में गैंगवार पर बड़ा एक्शन
- प्रिंस खान गैंग का शूटर गिरफ्तार
धनबाद( Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गैंग के सक्रिय शूटर रकीब को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: JPSC Exam में बड़ी लापरवाही! ‘पुस्तक’ से ‘सिदो-कान्हू’ तक गलत, प्रश्नपत्र की गलतियां सोशल मीडिया पर वायरल
और भी पढ़ें
- दीपावली से पहले झरिया में मिलावट का खेल बेनकाब, 360 किलो बताशे-सेवई जब्त
- अनंत सिंह पर कार्रवाई की जल्दबाजी, BJP विधायक राजू सिंह पर चुप्पी क्यों? भड़के पप्पू यादव
- BCCL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 GM-स्तर के अधिकारियों का तबादला; देखें लिस्ट
- ड्यूटी पर तैनात ASI ने चलाई गोलियां, मधुबनी में एक की मौत, 3 घायल
पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहा गैंग, बढ़ी चिंता
वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान पहले दुबई से रंगदारी वसूलता था, लेकिन अब उसके पाकिस्तान शिफ्ट होने की बात सामने आई है। वहां से वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए झारखंड के ठेकेदारों, कारोबारियों और व्यवसायियों को धमका रहा है। इससे राज्य में भय का माहौल है। कई व्यवसायी झारखंड छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे निवेश और उद्योग पर असर पड़ रहा है। यही वजह है कि पुलिस पर गैंग को खत्म करने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत चल रही कार्रवाई
धनबाद पुलिस ने हाल के दिनों में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत गैंग के कई अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कई बदमाशों को मुठभेड़ में गोली मारकर पकड़ा गया, लेकिन अब भी इसे पर्याप्त नहीं माना जा रहा है।
चाईबासा का रहने वाला है रकीब, कई केस दर्ज
गिरफ्तार शूटर रकीब मूल रूप से चाईबासा का निवासी है। उसके खिलाफ जमशेदपुर सहित कई स्थानों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से गैंग के लिए काम कर रहा था और कई वारदातों में शामिल रहा है।
वासेपुर गोलीकांड में कबूला जुर्म
पूछताछ में रकीब ने हाल ही में वासेपुर में हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि उसने फहीम खान के बेटे इकबाल खान के चालक हैदर अली उर्फ बबली पर फायरिंग की थी। इस मामले में पहले ही क्रीस नामक युवक को हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में जेल भेजा जा चुका है।
16 मार्च की मुठभेड़ में भी गैंग सक्रिय
16 मार्च को भगाबांध जंगल में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान गैंग के विक्की डोम और अमन सिंह उर्फ कुबेर घायल हो गए थे। वहीं अफजल भी भागते वक्त जख्मी हुआ था, जबकि तीन अपराधी मौके से फरार हो गए थे।
रांची फायरिंग केस से भी जुड़े तार
जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य रांची के टिटास रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा – खत्म होगा गैंग का नेटवर्क
धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त टीम गैंग के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गैंग के बाकी सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का साफ कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्ती जारी रहेगी और संगठित अपराध को जड़ से खत्म किया जाएगा।