झारखंड: शादी में मौज कर रहा था 10 लाख का इनामी नक्सली, PLFI सुप्रीमो अमृत होरो को पुलिस ने दबोचा

रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के सुप्रीमो अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया। 10 लाख का इनामी अमृत होरो शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

झारखंड:  शादी में मौज कर रहा था 10 लाख का इनामी नक्सली, PLFI सुप्रीमो अमृत होरो को पुलिस ने दबोचा
PLFI सुप्रीमो अमृत होरो (फाइल फोटो)।

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के नए सुप्रीमो और 10 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र स्थित जमाकेल गांव से उस समय दबोचा, जब वह एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था।

यह भी पढ़ें:  संसद में TMC का नया घमासान! काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के आरोप

सूत्रों के अनुसार, रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा अमृत होरो अपने गांव जमाकेल में एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। सूचना मिलते ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विशेष रणनीति बनाई और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) समेत अन्य पुलिस बलों की संयुक्त टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी कर दी।

शादी समारोह से उठाया गया PLFI का नया चीफ

बताया जा रहा है कि देर रात योजनाबद्ध तरीके से चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने अमृत होरो को बिना किसी बड़े प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक औपचारिक प्रेस बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्र इसे पीएलएफआई संगठन के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं।

10 लाख का इनामी, कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले

अमृत होरो के खिलाफ रांची, खूंटी और आसपास के जिलों में रंगदारी, लेवी वसूली, आगजनी, फायरिंग, पुलिस मुठभेड़ और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज बताए जाते हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह निर्माण स्थलों, सड़क परियोजनाओं और रेलवे कार्यों में लगे ठेकेदारों से लेवी वसूलने के लिए कुख्यात था।

डेढ़ साल पहले भी पुलिस मुठभेड़ से बच निकला था

पुलिस सूत्र बताते हैं कि करीब डेढ़ वर्ष पहले भी सुरक्षा बलों और अमृत होरो के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान वह जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा था। तभी से सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं।

मार्टिन केरकेट्टा के बाद संभाली थी संगठन की कमान

जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष गुमला के कामडारा इलाके में पीएलएफआई सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा के मारे जाने के बाद अमृत होरो ने संगठन की कमान संभाली थी। इसके बाद से वह संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहा था और पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।

गुप्त स्थान पर पूछताछ, बड़े खुलासों की उम्मीद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अमृत होरो को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में संगठन के नेटवर्क, हथियार सप्लाई चेन, सक्रिय उग्रवादियों और लेवी वसूली तंत्र से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी से पीएलएफआई की आर्थिक गतिविधियों और नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा। वहीं खूंटी पुलिस समेत अन्य एजेंसियां भी उससे पूछताछ की तैयारी कर रही हैं।  फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आधिकारिक जानकारी जारी करने की तैयारी में है।