‘एक साल नो गोल्ड, कम करें पेट्रोल-डीजल खर्च’, बढ़ती महंगाई पर PM मोदी की देशवासियों से बड़ी अपील
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल, गैस और सोने की खपत कम करने की अपील की। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम, कार पूलिंग, मेट्रो और ऑनलाइन मीटिंग्स को बढ़ावा देने की बात कही। तेलंगाना दौरे में PM मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने और राष्ट्रीय हित में एकजुट होने का संदेश दिया।
- तेल संकट से निपटने के लिए PM मोदी का मंत्र
- PM मोदी ने बताया विदेशी मुद्रा बचाने का फॉर्मूला
- पेट्रोल बचाइए, विदेश यात्रा रोकिए, देश का साथ दीजिए
- WFH अपनाइए, विदेश में शादी टालिए…
हैदराबाद (Threesocieties.com Desk): पश्चिम एशिया में जारी तनाव, वैश्विक युद्ध जैसे हालात और लगातार बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से बड़ा सहयोग मांगा है। तेलंगाना के हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि यह समय राष्ट्रीय हित में कुछ कठिन लेकिन जरूरी संकल्प लेने का है।
यह भी पढ़ें: बिहार में बड़ा ब्यूरोक्रेटिक धमाका! सम्राट सरकार ने 12 सीनियर IAS अफसरों का किया तबादला
PM Modi urged every Indian to remain united in times of global challenges and contribute towards strengthening the country through conscious everyday choices. ????????
— BJP (@BJP4India) May 10, 2026
He highlighted the importance of reducing fuel consumption, supporting Made in India products, promoting natural… pic.twitter.com/2WWbyaKoan
प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल और गैस का संयमित उपयोग करने, वर्क फ्रॉम होम को फिर से बढ़ावा देने, मेट्रो और कार पूलिंग अपनाने तथा एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का अधिकांश पेट्रोलियम उत्पाद विदेशों से आयात करता है और युद्ध के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होने से कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो रही है।
पीएम ने सीएम रेवंत रेड्डी को दिया साथ आने का न्योता, अपनी हंसी नहीं रोक पाए सीएम
समारोह के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी के पुराने काम (गुजरात मॉडल) की तारीफ की. रेड्डी ने याद दिलाया- जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे उन्होंने 10 वर्षों में देश के लिए ‘गुजरात मॉडल’ विकसित किया था। आज, तेलंगाना की जनता को भी वैसी ही उम्मीद है। अब जब वह प्रधानमंत्री हैं, तो तेलंगाना की जनता को मुझसे भी वैसी । उम्मीद है कि आने वाले 10 वर्षों में, 2034 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुंचने के लिए एक ‘तेलंगाना मॉडल’ तैयार होगा. तेलंगाना में देश की कुल आबादी का 3% से भी कम हिस्सा रहता है। लेकिन 5 प्रतिशत की जीडीपी हम देते हैं. हमारा लक्ष्य है कि जब प्रधानमंत्री का 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना पूरा होगा, तब हम देश की GDP में 10% का योगदान देंगे।
मोदी ने सीएम रेड्डी को दिया मजेदार जवाब
पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम रेवंत रेड्डी को जवाब देते हुए कहा, मैं रेवंत रेड्डी से कहना चाहूंगा कि भारत सरकार ने अपने 10 साल के शासनकाल में गुजरात को जो कुछ भी दिया है, वह सब मैं आपको देने के लिए तैयार हूं; लेकिन मेरी जानकारी के अनुसार, जैसे ही मैं ऐसा करूंगा, आपको अभी जो कुछ मिल रहा है, वह आधा रह जाएगा। आप वहां तक नहीं पहुंच पाएंगे, जहां आप जाना चाहते हैं। इसलिए बेहतर यही है कि आप मेरे साथ ही गठबंधन करें.
अपनी हंसी नहीं रोक पाए रेड्डी।जब पीएम मोदी ने रेवंत रेड्डी को साथ आने का ऑफर दिया, तो तंलेगाना के सीएम मंच पर बैठे-बैठे मुस्कुराने लगे. कार्यक्रम में मौजूद जनता भी पीएम मोदी की बात पर हंस पड़े और नारे लगाने लगे।
‘देशहित में फिर अपनाइए Work From Home’
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल की याद दिलाते हुए कहा कि उस दौरान देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की आदत विकसित की थी। उन्होंने कहा, “आज समय की मांग है कि हम फिर से उन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दें। वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग्स और ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस से पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और विदेशी मुद्रा भी बचेगी।”
पीएम मोदी ने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का उपयोग करना चाहिए। यदि कार से यात्रा जरूरी हो तो कार पूलिंग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों से भी EV का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
‘एक साल तक सोना नहीं खरीदें’
प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोने की खरीद कम करने की अपील करते हुए कहा कि संकट के समय पहले लोग देशहित में सोना दान तक कर देते थे। उन्होंने कहा, “आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि एक साल तक कोई भी फंक्शन हो, शादी हो या अन्य कार्यक्रम, हम सोना नहीं खरीदेंगे।” उन्होंने कहा कि सोने के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च होती है और मौजूदा संकट के दौर में इसे बचाना जरूरी है।
विदेश में शादी और घूमने पर भी दी सलाह
पीएम मोदी ने विदेश यात्राओं को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विदेशों में शादी करना, छुट्टियां मनाना और पर्यटन अब मध्यम वर्ग में तेजी से बढ़ा है, लेकिन मौजूदा हालात में लोगों को कम से कम एक साल तक गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टाल देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि इससे देश की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी।
‘सरकार संकट का बोझ उठा रही, लेकिन जनता का सहयोग जरूरी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार पिछले दो महीने से लगातार लोगों को महंगाई और संकट से बचाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरकों की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। सप्लाई चेन पर दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “अब हमें एकजुट होकर लड़ना होगा। संकट के समय देशहित में कुछ संकल्प लेने होंगे और उन्हें पूरी निष्ठा से निभाना होगा।”
रेलवे और CNG के इस्तेमाल पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि सामानों की ढुलाई के लिए रेलवे मालगाड़ियों का अधिक उपयोग किया जाना चाहिए, क्योंकि रेलवे तेजी से इलेक्ट्रिक नेटवर्क पर काम कर रहा है और इससे डीजल की खपत कम होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीएनजी और पाइपलाइन गैस नेटवर्क को भी तेजी से बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि भारत सौर ऊर्जा और एथनॉल ब्लेंडिंग के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।
9,400 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
तेलंगाना दौरे में प्रधानमंत्री मोदी ने कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर NH-167 का विस्तार, रेलवे मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाएं, ग्रीनफील्ड POL टर्मिनल और काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क शामिल हैं।करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से बना काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क देश का पहला पूरी तरह कार्यशील पीएम मित्र पार्क बताया जा रहा है। कार्यक्रम में तंलेगाना के सीएम रेवंत रेड्डी समेत अन्य मौजूद थे।
शादी समारोह के कारण बदला हेलीकॉप्टर लैंडिंग प्लान
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से जुड़ा एक मानवीय पहलू भी चर्चा में रहा। उनका हेलीकॉप्टर हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में उतरने वाला था, लेकिन वहां बीआरएस नेता के बेटे की शादी का कार्यक्रम था। जैसे ही प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने अधिकारियों को हेलीकॉप्टर किसी दूसरी जगह उतारने का निर्देश दिया और खुद सड़क मार्ग से करीब 18 किलोमीटर का सफर तय किया। प्रधानमंत्री के इस फैसले की विपक्षी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी सराहना की।






