सीतामढ़ी से अयोध्या तक दौड़ेगी नई ट्रेन! मिथिला को मिलने जा रही बड़ी रेल सौगात
सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच नई ट्रेन चलाने समेत मिथिला में रेल सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। सांसद संजय कुमार झा की 8 मांगों पर रेल मंत्रालय विचार कर रहा है, जिससे उत्तर बिहार के लाखों यात्रियों को लाभ मिल सकता है।
HighLights
- सीतामढ़ी-अयोध्या के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
- आनंद विहार-लौकहा स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मांग
- सकरी-झंझारपुर-फारबिसगंज लाइन डबलिंग समेत कई परियोजनाओं पर विचार
- सांसद संजय कुमार झा ने रेल मंत्री को सौंपा था 8 सूत्री मांगपत्र
- लाखों यात्रियों और श्रद्धालुओं को मिल सकता है बड़ा फायदा
पटना (Threesocieties.com Desk): मिथिला और उत्तर बिहार के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ सकती है। सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच नई ट्रेन चलाने समेत क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर जल्द फैसला लिया जा सकता है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा द्वारा दिए गए आठ महत्वपूर्ण सुझावों पर रेल मंत्रालय गंभीरता से विचार कर रहा है।
यह भी पढ़ें: 2015 झारखंड पुलिस भर्ती के 888 अभ्यर्थियों को सुप्रीम राहत, उम्र सीमा में छूट देकर नियुक्ति पर फिर होगा विचार
सांसद संजय कुमार झा ने जानकारी दी कि उन्होंने बीते 20 मई को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मिथिला और उत्तर बिहार में रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ा एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा था। अब रेल मंत्री की ओर से भेजे गए जवाब में बताया गया है कि इन सुझावों की जांच कराई जा रही है तथा रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीतामढ़ी से अयोध्या तक नई ट्रेन की मांग
सबसे महत्वपूर्ण मांग सीतामढ़ी जंक्शन से अयोध्या धाम के बीच आधुनिक सुविधाओं वाली नई वंदे भारत ट्रेन चलाने की है। प्रस्तावित ट्रेन रक्सौल और गोरखपुर होते हुए चलेगी। यह सिर्फ एक नई रेल सेवा नहीं होगी, बल्कि मां जानकी की जन्मस्थली और प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली को जोड़ने वाला धार्मिक और सांस्कृतिक सेतु भी बनेगी।संजय कुमार झा ने कहा कि यह रेल संपर्क करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करेगा तथा धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
इन 8 बड़ी मांगों पर चल रहा विचार
सांसद द्वारा रेल मंत्री को दिए गए सुझावों में शामिल हैं—
• सीतामढ़ी-अयोध्या नई वंदे भारत ट्रेन का परिचालन
• आनंद विहार-लौकहा स्पेशल ट्रेन को नियमित करना
• हरनगर-हसनपुर रेल लाइन कार्य में तेजी लाना
• सकरी-झंझारपुर-फारबिसगंज रेल लाइन का दोहरीकरण
• तमुरिया स्टेशन को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करना
• तमुरिया-सुपौल नई रेल लाइन सर्वेक्षण कार्य पूरा करना
• मिथिला क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार
• यात्रियों की सुविधाओं में व्यापक सुधार
धार्मिक पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि सीतामढ़ी-अयोध्या रेल सेवा शुरू होती है तो इसका सीधा लाभ धार्मिक पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा। उत्तर बिहार और मिथिला क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर साल अयोध्या जाते हैं। बेहतर रेल संपर्क यात्रा को आसान और तेज बनाएगा।
लाखों यात्रियों को मिलेगा फायदा
संजय कुमार झा ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी और मिथिला सहित पूरे उत्तर बिहार के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। रेल मंत्रालय की तरफ से मिले सकारात्मक संकेतों ने क्षेत्र में उम्मीदें बढ़ा दी हैं कि आने वाले समय में मिथिला रेलवे के नक्शे पर और मजबूत होकर उभरेगा।






