BCCL मुख्यालय में GM समन्वय बैठक, CMD मनोज अग्रवाल बोले- उत्पादन बढ़े, सुरक्षा पर नहीं होगा कोई समझौता
BCCL मुख्यालय कोयला भवन, धनबाद में आयोजित जीएम समन्वय बैठक में CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समयबद्ध लक्ष्य और जवाबदेही पर जोर दिया।
- गुणवत्ता में ‘जीरो समझौता’ और जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर
- सभी क्षेत्रों के जीएम, विभागाध्यक्ष और CISF अधिकारियों की मौजूदगी
धनबाद (Threesocieties.com Desk): बीसीसीएल मुख्यालय स्थित कोयला भवन में सोमवार, 01 जून 2026 को जीएम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनी के उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता नियंत्रण, स्टॉक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
यह भी पढ़ें: BCCL में विजिलेंस की नई कमान: दीप्ति पटेल ने संभाला CVO का अतिरिक्त प्रभार, कोयला भवन में हुआ भव्य स्वागत
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार सहित डीआईजी CISF जे.के. तिवारी, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और सीएमडी सचिवालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उत्पादन और डिस्पैच की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कंपनी के लिए उत्पादन और आपूर्ति की निरंतरता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाते हुए समयबद्ध तरीके से निर्धारित उद्देश्यों को पूरा किया जाए।
बैठक में कोयले की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। CMD ने दोहराया कि गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी स्तरों पर निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैठक में गंभीरता से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खदानों और संचालन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पूरी सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके।
बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय महाप्रबंधकों से समन्वित प्रयास, जवाबदेही तय करने और बेहतर प्रबंधन प्रणाली विकसित करने पर भी जोर दिया गया। प्रबंधन ने संकेत दिया कि आने वाले समय में उत्पादन और संचालन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
बीसीसीएल प्रबंधन का मानना है कि बेहतर समन्वय, मजबूत निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही तय कर कंपनी अपने उत्पादन लक्ष्यों को प्रभावी तरीके से हासिल कर सकेगी।






