धनबाद में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव: सत्संग, सेवा और आध्यात्मिक उत्सव का भव्य आयोजन आज

आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद परिवार द्वारा गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर 13 मई 2026 को धनबाद में म्यूजिकल सत्संग, गुरु पूजा, ध्यान, प्रसादम और विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

धनबाद में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव: सत्संग, सेवा और आध्यात्मिक उत्सव का भव्य आयोजन आज
आर्ट ऑफ लिविंग का विशेष आयोजन।

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद परिवार की ओर से गुरुदेव परम पूज्य Sri Sri Ravi Shankar के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार, 13 मई 2026 को धनबाद में भव्य आध्यात्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शहर में दिनभर सेवा गतिविधियों के साथ-साथ शाम को म्यूजिकल सत्संग, गुरु पूजा, ध्यान एवं प्रसादम कार्यक्रम आयोजित होगा।

यह भी पढ़ें: धनबाद में बड़ा फर्जीवाड़ा! डीसी के नकली साइन से अल्ट्रासाउंड लाइसेंस लेने की कोशिश, डॉक्टर पर गंभीर आरोप

आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद परिवार ने सभी सम्मानित मीडियाकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को इस विशेष आयोजन में सादर आमंत्रित किया है। आयोजन का मुख्य कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से 8:30 बजे तक Rajkamal Saraswati Vidya Mandir में आयोजित होगा।

सेवा कार्यों के जरिए समाज को संदेश

गुरुदेव के जन्मोत्सव के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने समाजसेवा को विशेष प्राथमिकता दी है। कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक धनबाद के रणधीर वर्मा चौक एवं कोर्ट मोड़ इलाके में राहगीरों और आम नागरिकों के बीच छाछ वितरण सेवा चलाई जाएगी। इसके अलावा दोपहर 12:00 बजे Nirmala Kushtha Seva Kendra में सेवा कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि दोपहर 1:30 बजे Lalmani Vridhashram में वरिष्ठ नागरिकों के साथ केक कटिंग, स्नैक्स एवं मिठाई वितरण कार्यक्रम किया जाएगा।

शाम को होगा भव्य सत्संग और ध्यान कार्यक्रम

सायंकालीन कार्यक्रम में भक्ति संगीत, सत्संग, गुरु पूजा और ध्यान के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट प्रसादम की भी व्यवस्था की गई है।

आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद जिला के वरिय प्रशिक्षक एवं मीडिया प्रभारी मयंक सिंह ने कहा कि गुरुदेव का संदेश मानवता, शांति और सेवा पर आधारित है। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने की अपील की है।