रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पिकअप गाड़ी और ट्रक की टक्कर, मुहर्रम से लौट रहे 7 ताशा कलाकारों की दर्दनाक मौत
रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी गांव के पास ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे सात ताशा कलाकारों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
HighLights
- रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास देर रात हुआ भीषण हादसा
- ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की मौके पर मौत
- सभी मृतक मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे ताशा पार्टी के सदस्य थे
- एक युवक गंभीर रूप से घायल, रिम्स रांची रेफर
- किसी की एक माह पहले शादी हुई थी तो कोई तीन महीने पहले पिता बना था
- पुलिस ने कोयला लदे ट्रक को जब्त किया, चालक फरार
- ग्रामीणों ने मुआवजे और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक की मांग को लेकर प्रदर्शन किया
रामगढ़ (Threesocieties.com Desk): झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव और बारलौंग के पास एक कोयला लदे ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: 21 की उम्र में लगा हत्या का आरोप, 64 में मिली बेगुनाही; हत्या के आरोपी को दिल्ली हाईकोर्ट ने किया बरी
घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे थे ताशा पार्टी के सदस्य
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (जेएच 02क्यू-8268) में सवार सभी लोग बैंड और ताशा पार्टी से जुड़े कलाकार थे। वे मुहर्रम पर्व के कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के समीप सामने से तेज गति से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच02एए-4786) ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सात परिवारों के बुझ गए चिराग
इस हादसे ने सिर्फ सात लोगों की जान नहीं ली, बल्कि आठ परिवारों की खुशियां भी छीन लीं। मृतकों में कई अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। सबसे दर्दनाक कहानी हेमंत कुमार महतो की है, जिनकी शादी महज एक महीने पहले हुई थी। घर से निकलते वक्त उन्होंने परिजनों से कहा था कि कार्यक्रम पूरा कर दो दिनों में लौट आएंगे, लेकिन उनकी वापसी ताबूत में हुई।
वहीं अनोद कुमार करीब तीन महीने पहले दूसरी बार पिता बने थे। उनके पीछे चार साल की बेटी और तीन महीने का मासूम बेटा है। परिवार का गुजारा बैंड-ताशा के काम से ही चलता था। पवन करमाली की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और वे अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं डेविड करमाली अविवाहित थे और अपने साथियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
रामगढ़ और हजारीबाग के रहने वाले थे मृतक
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले छह लोग रामगढ़ जिले और दो लोग हजारीबाग जिले के निवासी थे। इनमें दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और रजरप्पा थाना की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद शुक्रवार तड़के तक रामगढ़-बोकारो मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कोयला लदे ट्रकों की तेज रफ्तार लंबे समय से हादसों का कारण बन रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
इलाके में पसरा मातम
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस से लेकर मृतकों के गांवों तक हर ओर चीख-पुकार और मातम का माहौल था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुहर्रम के जुलूस में धुन और उत्साह भरने वाले ताशा कलाकारों की अचानक मौत ने पूरे रामगढ़, रजरप्पा और कुजू क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।






