धनबाद क्लब में 27 सितंबर को हास्य उत्सव, जुटेंगे देश के दिग्गज हास्य कवि

धनबाद क्लब में 27 सितंबर को हास्य उत्सव होगा। संपत सरल, सरदार मंजीत सिंह और अमित शुक्ला समेत कवि हास्य-व्यंग्य प्रस्तुत करेंगे। प्रवेश निःशुल्क है।

धनबाद क्लब में 27 सितंबर को हास्य उत्सव, जुटेंगे देश के दिग्गज हास्य कवि
धनबाद क्लब में 27 सितंबर को होगा खास हास्य उत्सव।

Advertisement

    HighLights:

  • संपत सरल, सरदार मंजीत सिंह और अमित शुक्ला करेंगे काव्य-पाठ
  • कार्यक्रम में धनबाद के साहित्यकार भी देंगे अपनी प्रस्तुतियां
  • शाम 6:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम, कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क, लेकिन पास जरूरी
  • पास धनबाद क्लब और गोल शिक्षण संस्थान, मेमको मोड़ से मिलेंगे

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में सितंबर की शाम हंसी, हास्य और व्यंग्य के नाम रहने वाली है। हिंदी साहित्य विकास परिषद ट्रस्ट एवं धनबाद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 27 सितंबर 2026 को धनबाद क्लब में विशेष हास्य उत्सव का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।

हास्य उत्सव में देश के चर्चित हास्य कवि संपत सरल, सरदार मंजीत सिंह और अमित शुक्ला अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं और काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को गुदगुदायेंगे। कार्यक्रम में हास्य के साथ सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों पर व्यंग्य की झलक भी देखने-सुनने को मिलेगी।

देश के चर्चित कवियों के साथ स्थानीय साहित्यकार भी होंगे शामिल

आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम को खास बनाने के लिए देश के चर्चित हास्य कवियों के साथ धनबाद के स्थानीय साहित्यकारों को भी मंच दिया जायेगा। स्थानीय साहित्यकार बसंत जोशी और सुशांत कुमार अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे।इस आयोजन का उद्देश्य साहित्य को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ हास्य और व्यंग्य के माध्यम से लोगों को तनावपूर्ण दिनचर्या से कुछ समय के लिए बाहर निकालना और उन्हें आनंद के पल उपलब्ध कराना है।

निःशुल्क रहेगा प्रवेश, पास से मिलेगी एंट्री

हास्य उत्सव में आम नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। हालांकि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवेश पास जरूरी होगा। आयोजकों ने बताया कि इच्छुक लोग धनबाद क्लब और गोल शिक्षण संस्थान, मेमको मोड़ से प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के अलावा शहर के आम नागरिक भी शामिल हो सकेंगे।

हास्य तनाव कम करने और सकारात्मक माहौल बनाने का माध्यम : संजय आनंद

हिंदी साहित्य विकास परिषद ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय आनंद ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में हास्य लोगों को कुछ खुशनुमा पल देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों के जरिए लोगों को मनोरंजन के साथ सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। परिषद के सचिव राकेश शर्मा ने बताया कि संस्था हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यकारों को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। हास्य उत्सव इसी उद्देश्य का एक हिस्सा है।

जनवरी 2027 में परिषद के कार्यालय का उद्घाटन प्रस्तावित

आयोजकों ने बताया कि हिंदी साहित्य विकास परिषद ट्रस्ट के कार्यालय का उद्घाटन जनवरी 2027 में प्रस्तावित है। इस अवसर पर साहित्यकार अनिता निशब्द की तीन काव्य पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जायेगा।परिषद के मुताबिक साहित्य और संस्कृति से जुड़े ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की योजना है, ताकि धनबाद में साहित्यिक गतिविधियों को और गति मिल सके।