झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव: अजीत कुमार बने अध्यक्ष, ऋतु कुमार को 84 वोट से हराया

झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव में पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार ने ऋतु कुमार को 84 वोट से हराकर अध्यक्ष पद जीता। नवीन कुमार लगातार चौथी बार महासचिव बने, जबकि श्रेष्ठा मेहता ने 1,088 वोट के साथ सबसे ज्यादा मत हासिल किए।

झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव: अजीत कुमार बने अध्यक्ष, ऋतु कुमार को 84 वोट से हराया
अजीत कुमार को कुल 672 वोट मिले।

Advertisement

HighLights:

  • पूर्व महाधिवक्ता सह वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार ने अध्यक्ष पद पर दर्ज की शानदार जीत
  • नवीन कुमार लगातार चौथी बार महासचिव चुने गए
  • श्रेष्ठा मेहता ने 1,088 वोट पाकर कोषाध्यक्ष पद पर सबसे बड़ी जीत दर्ज की
  • कुल 16 पदों के लिए हुए चुनाव में 96 उम्मीदवार मैदान में थे

रांची। झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन की नई कमिटी के लिए हुए चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पूर्व महाधिवक्ता सह वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार दो बार अध्यक्ष रह चुकीं ऋतु कुमार को शिकस्त दे दी। अजीत कुमार को कुल 672 वोट, जबकि ऋतु कुमार को 588 वोट मिले। इस तरह अजीत कुमार ने 84 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला इस बार सबसे ज्यादा रोचक रहा। शुरुआत में ऋतु कुमार ने बढ़त बनाई, लेकिन मतगणना आगे बढ़ने के साथ अजीत कुमार ने बाजी पलट दी। अंत में उन्होंने निर्णायक बढ़त बनाते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।

16 पदों के लिए 96 उम्मीदवार मैदान में

हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन का यह चुनाव काफी दिलचस्प रहा। कुल 16 पदों के लिए करीब 96 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। 21 अगस्त को हुए मतदान में करीब 72 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कई पदों पर कांटे का मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए अजीत कुमार, ऋतु कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन और आरएसपी सिन्हा मैदान में थे। इनमें अजीत कुमार ने सबसे अधिक वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

नवीन कुमार लगातार चौथी बार महासचिव

महासचिव पद पर नवीन कुमार ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। उन्हें 935 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमित सिन्हा को 458 वोट प्राप्त हुए। लगातार चौथी बार अधिवक्ताओं का भरोसा जीतने के बाद नवीन कुमार ने कहा कि वह वकीलों के हित में लगातार काम करते रहेंगे। उन्होंने नए और युवा अधिवक्ताओं के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकताओं में बताया।

श्रेष्ठा मेहता को सबसे ज्यादा वोट

कोषाध्यक्ष पद पर श्रेष्ठा मेहता ने इस चुनाव में सबसे अधिक मत हासिल किया। उन्हें कुल 1,088 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नलिनी झा को 487 वोट से हराया। नलिनी झा को 601 वोट मिले। श्रेष्ठा मेहता के खाते में आए 1,088 वोट पूरे चुनाव में किसी उम्मीदवार को मिले सर्वाधिक वोट रहे।

इन उम्मीदवारों ने भी दर्ज की जीत

उपाध्यक्ष पद पर राहुल कुमार गुप्ता ने 580 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्राण प्रणय को 360 वोट मिले।सहायक कोषाध्यक्ष पद पर आकाशदीप 706 वोट के साथ विजयी हुए। सचिव (प्रशासन) पद पर विकास कुमार ने 853 वोट हासिल किए। वहीं सचिव (लाइब्रेरी) पद पर भोलानाथ ओझा ने 741 वोट के साथ जीत दर्ज की।

विजेता और उपविजेता के वोट

अध्यक्ष: अजीत कुमार – 672, ऋतु कुमार – 588
उपाध्यक्ष: राहुल कुमार गुप्ता – 580, प्राण प्रणय – 360
महासचिव: नवीन कुमार – 935, अमित सिन्हा – 458
कोषाध्यक्ष: श्रेष्ठा मेहता – 1,088, नलिनी झा – 601
सहायक कोषाध्यक्ष: आकाशदीप – 706, कौशल किशोर मिश्रा – 287
सचिव (प्रशासन): विकास कुमार – 853, अमृतराज – 213
सचिव (लाइब्रेरी): भोलानाथ ओझा – 741, अशोक कुमार – 586

बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय का वादा

जीत के बाद अजीत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगी। चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं से किए गए सभी वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने युवा वकीलों की समस्याओं के समाधान, स्वनिधि से जुड़ी आपत्तियों के पारदर्शी तरीके से निराकरण और वरीय अधिवक्ताओं को उचित सम्मान दिलाने की बात कही।

इस चुनाव में अधिवक्ताओं के ज्वलंत मुद्दे, संगठन में बीते वर्षों के कामकाज और भविष्य की चुनौतियां प्रमुख मुद्दे रहे। नतीजों ने साफ कर दिया कि इस बार अधिवक्ताओं ने कई पदों पर बदलाव और नए नेतृत्व को मौका दिया है।