धनबाद में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, ‘UGC रोल बैक’ की गूंज; आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग

धनबाद में UGC इक्विटी कानून और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सवर्ण समाज ने आक्रोश मार्च निकाला। जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक मार्च में ‘UGC रोल बैक’ के नारे गूंजे।

धनबाद में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, ‘UGC रोल बैक’ की गूंज; आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
सवर्ण समाज ने जाति के बजाय आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठायी।

Advertisement

     HighLights:

  • जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक निकला विशाल आक्रोश मार्च‘
  • UGC रोल बैक’ की तख्तियों के साथ प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
  • UGC इक्विटी कानून वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग
  • राष्ट्रपति के नाम धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन को सौंपा गया ज्ञापन

धनबाद (Threesocieties.com Desk): UGC इक्विटी कानून को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में व्यापक सुधार और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को धनबाद में सवर्ण समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। सवर्ण एकता मंच के बैनर तले जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च में धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘UGC रोल बैक’ लिखी तख्तियां थीं। मार्च के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। जिला परिषद मैदान से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचा, जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया।

‘UGC रोल बैक’ के नारों से गूंजा शहर

आक्रोश मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने UGC इक्विटी कानून में किये गये संशोधन को वापस लेने की मांग उठायी। पूरे रास्ते ‘UGC रोल बैक’ के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ समेत कई नारे लगाये गये। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि UGC कानून और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था को लेकर उनकी आपत्तियों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

आंदोलन किसी समाज के खिलाफ नहीं : अरुण सिंह

मार्च का नेतृत्व राजपूत विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने किया। रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी समाज या समुदाय के खिलाफ नहीं है। उनकी मांग UGC इक्विटी कानून में किये गये संशोधन को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिससे वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।

UGC कानून से सामाजिक विभाजन की आशंका

राजपूत विचार मंच के संरक्षक उदय प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया गया UGC इक्विटी कानून समाज में जातिगत विभाजन और आपसी मनमुटाव को बढ़ावा दे सकता है। इसी आशंका को लेकर सवर्ण समाज की ओर से कानून को वापस लेने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस कानून के प्रावधानों की व्यापक समीक्षा करनी चाहिए और सभी पक्षों से बातचीत के बाद आगे का रास्ता तय करना चाहिए।

जाति नहीं, आर्थिक आधार पर हो आरक्षण

सभा को संबोधित करते हुए बिजय झा ने कहा कि सवर्ण समाज आरक्षण का विरोध नहीं करता है, लेकिन आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से जातिगत पहचान से ऊपर उठकर एक भारतीय के रूप में देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

आंदोलनकारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में UGC इक्विटी कानून को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में सुधार तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत आठ सूत्री मांगें रखी गयीं।

कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल

कार्यक्रम में राजपूत विचार मंच के कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद सिंह समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभा को ब्राह्मण समाज के सुरेश तिवारी, सुधा मिश्रा, भारती दुबे, कल्पना झा, संदीप झा, तारा पाठक, डॉ. पीयूष सिंह, राहुल सिंह, प्रीति चौधरी, आशा पांडे, नागेंद्र सिंह, विक्रम वर्मा, अंबुज कुमार, सरिता सिंह, डिंपल चौबे, उमेश सिंह, बम भोली सिंह, रंजय सिंह, शशि भूषण सिंह, एसके सिंह, भोला सिंह, पंकज सिंह, विश्व सिंह, गजेंद्र सिंह और किरण सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में संगीत सिंह, अरविंद सिंह, सत्येंद्र सिंह, कतरास से नीपू सिंह व सुमित सिंह, निरसा से भूपेंद्र सिंह व आशीष सिंह, झरिया से राणा मनीष सिंह व महेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश सिंह ने किया।

आठ सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन

सवर्ण समाज के इस आक्रोश मार्च में UGC इक्विटी कानून को वापस लेने के साथ आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग प्रमुख रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय का विरोध करना नहीं, बल्कि आरक्षण और UGC से जुड़े प्रावधानों में ऐसी व्यवस्था की मांग करना है, जिससे सभी वर्गों के जरूरतमंद लोगों को समान अवसर मिल सके। धनबाद में निकाले गये इस मार्च के दौरान पूरे रास्ते ‘UGC रोल बैक’ की मांग प्रमुखता से उठती रही।