बिहार:भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में RJD की बड़ी जीत, JDU को 354 वोटों से झटका

भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव में राजद उम्मीदवार सोनू राय ने जेडीयू के कन्हैया प्रसाद को 354 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के बाद तेजस्वी यादव ने बैलेट पेपर और EVM को लेकर बड़ा बयान दिया। पढ़ें पूरी राजनीतिक रिपोर्ट।

बिहार:भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में RJD की बड़ी जीत, JDU को 354 वोटों से झटका
राजद उम्मीदवार सोनू राय (फाइल फोटो)।
  • बैलेट पेपर चुनाव के बाद तेजस्वी यादव का EVM पर हमला
  •  बोले- “देश में बैलेट से चुनाव हो तो NDA कहीं नहीं टिकेगा”
  • पुर-बक्सर MLC उपचुनाव में सोनू राय विजयी
  •  JDU की परंपरागत सीट पर RJD का कब्जा

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की राजनीति में भोजपुर-बक्सर विधान परिषद (एमएलसी) उपचुनाव के नतीजों ने बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है। महागठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 354 वोटों से हराकर सीट अपने नाम कर ली।

यह भी पढ़ें: धनबाद सिविल कोर्ट पार्किंग संकट पर हाईकोर्ट सख्त: पुलिस तैनाती का आदेश, जेल शिफ्ट कर स्थायी समाधान की तैयारी

गुरुवार को आरा स्थित राजकीय कन्या प्लस टू विद्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हुई। मतगणना पूरी होने के बाद प्रशासन ने राजद उम्मीदवार सोनू राय की जीत की आधिकारिक घोषणा करते हुए उन्हें विजय प्रमाण पत्र भी सौंप दिया। इस उपचुनाव में सोनू राय को कुल 2507 वोट मिले, जबकि जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को 2153 मत प्राप्त हुए। परिणाम सामने आते ही राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और महागठबंधन खेमे में जश्न शुरू हो गया।

JDU के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी थी सीट

भोजपुर-बक्सर एमएलसी सीट जदयू के लिए प्रतिष्ठा का सवाल मानी जा रही थी। यह सीट पहले जदयू नेता राधाचरण साह के पास थी। संदेश विधानसभा सीट से विधायक बनने के बाद उन्होंने एमएलसी पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।एनडीए ने इस सीट पर राधाचरण साह के पुत्र कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले नीतीश कुमार ने खुद अपने हाथों से कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनने का पत्र सौंपा था। ऐसे में इस हार को जदयू के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने EVM पर उठाए सवाल

राजद की जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ और परिणाम सबके सामने है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अगर देश में सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं तो भाजपा और एनडीए कहीं नहीं टिक पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि EVM से चुनाव होने पर सत्ता पक्ष छल-कपट करता है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भी अगर बैलेट पेपर से मतदान होता तो महागठबंधन को 150 से ज्यादा सीटें मिलतीं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब EVM से मतगणना में भी देर रात तक समय लगता है, तो फिर बैलेट पेपर से चुनाव कराने में क्या दिक्कत है।

बिहार राजनीति में नए समीकरणों के संकेत

भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव का परिणाम केवल एक सीट की जीत-हार तक सीमित नहीं माना जा रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरणों और महागठबंधन की बढ़ती ताकत का संकेत है। राजद की इस जीत से विपक्षी गठबंधन को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिली है, वहीं जदयू और एनडीए के लिए यह परिणाम आगामी चुनावों से पहले चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।