HighLights:
- हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में एनईपीएल कंपनी के मैनेजर का अपहरण
- शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
- काले रंग की क्रेटा और दो स्कॉर्पियो से पहुंचे थे अपहरणकर्ता
- एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चंद घंटों में मैनेजर को छुड़ाया
हजारीबाग (Threesocieties.com Desk): झारखंड के हजारीबाग जिले में अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरही थाना क्षेत्र में अपराधियों ने साउथ तापिन सीसीएल परियोजना में कार्यरत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार (35) का अपहरण कर लिया। शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की वारदात को कुछ ही घंटों में नाकाम कर दिया।
पुलिस ने अपहृत मैनेजर को चंदवारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, अपहरण में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव भी बरामद की है। इस संबंध में पुलिस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी गई।
और भी पढ़ें
- Bihar: अमेरिका से आएगा अनंत सिंह का दामाद, लदमा में 25 नवंबर को बेटी की शादी
- झरिया के राजा तालाब में काशी जैसा नजारा, हजारों दीपों से जगमगाई गंगा आरती
- उत्तर प्रदेश: नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर रेप, 13 साल तक शोषण; KGMU के डॉ. रमीज पर गंभीर आरोप
- होटल में अकेले मिलने का दबाव, अश्लील मैसेज... ओडिशा के जेल DG पर FIR
रात 8:30 बजे किया गया मैनेजर का अपहरण
एएसपी अमित कुमार के अनुसार, अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से अपहरण की घटना को अंजाम दिया। काले रंग की क्रेटा कार और दो स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार को जबरन अपने वाहन में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए। घमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया और अपहृत मैनेजर की सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, चंद घंटों में मिली सफलता
एएसपी अमित कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही तकनीकी अनुसंधान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तथा उनके इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान शुरू की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र से काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच02एयू 4625) बरामद की गई। वहीं, चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार (जेएच02बीके 3586) को भी पुलिस ने जब्त किया। लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र से अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपहरणकर्ताओं की योजना विफल हो गई।
अपहरण के आरोप में पांच गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार है:
राजेश यादव, निवासी भटबिगहा, थाना चौपारण।
विक्की कुमार, निवासी जमुआरी, थाना इचाक।
आनंद कुमार महतो, निवासी दाढ़ीघाघर, थाना इचाक।
दिलीप प्रसाद महतो, निवासी बड़ासी, थाना मुफस्सिल।
मनीष कुमार, निवासी अलौंजा खुर्द, थाना इचाक।
पुलिस के अनुसार, इन सभी को अपहरण की घटना में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एक स्कॉर्पियो, क्रेटा और पेन ड्राइव बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव बरामद की है। पुलिस इन बरामद सामानों की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर अपहरण की पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, आंगो थाना प्रभारी दीपक कुमार सहित चरही थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।