धनबाद की प्यास और विकास का मुद्दा लेकर CM हेमंत सोरेन से मिले चौहान ब्रदर्स, जल्द समाधान का मिला भरोसा

धनबाद के डिप्टी मेयर अरुण चौहान और झामुमो नेता हरेन्द्र चौहान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जल संकट और विकास कार्यों पर चर्चा की। सरकार ने जल्द समाधान का भरोसा दिया।

धनबाद की प्यास और विकास का मुद्दा लेकर CM हेमंत सोरेन से मिले चौहान ब्रदर्स, जल्द समाधान का मिला भरोसा
सीएम हेमंत सोरेन को गुलदस्ता भेंट करते चौहान ब्रदर्स।

धनबाद (Threesocieties.com Desk):धनबाद की जमीनी समस्याओं को लेकर राजनीतिक सक्रियता तेज होती दिख रही है। इसी कड़ी में धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान और झामुमो नगर उपाध्यक्ष हरेन्द्र चौहान ने बुधवार को रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें: धनबाद में रंगदारी का ‘डिजिटल जाल’ बेनकाब! 50 खातों से 80 लाख ट्रांसफर, सैफी की डायरी खोलेगी गैंग का राज

इस दौरान दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान जताया और धनबाद में बढ़ती जनसमस्याओं, खासकर भीषण गर्मी में गहराते जल संकट पर विस्तार से चर्चा की।

जल संकट बना सबसे बड़ा मुद्दा

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा शहर में पेयजल की किल्लत का रहा। डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने मुख्यमंत्री को बताया कि गर्मी के कारण कई इलाकों में पानी की भारी कमी हो गई है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने, नए स्रोत विकसित करने और पाइपलाइन सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।

विकास कार्यों में तेजी पर भी जोर

जल संकट के अलावा शहर में चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार भी चर्चा का अहम हिस्सा रही। चौहान ब्रदर्स ने सड़क, नाली, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं को तेजी से पूरा कराने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि धनबाद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर काम करेगी।

शिष्टाचार मुलाकात, लेकिन संकेत बड़े

दोनों नेताओं ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे आने वाले समय में धनबाद की राजनीति में चौहान ब्रदर्स की बढ़ती सक्रियता के संकेत के रूप में देख रहे हैं। इस मुलाकात से यह साफ है कि स्थानीय मुद्दों को सीधे सरकार तक पहुंचाने की कोशिश तेज हो गई है।