धनबाद पुलिस हुई हाईटेक! 45 नई पेट्रोलिंग बाइक सड़क पर उतरीं, अब अपराधियों पर 24x7 नजर

धनबाद पुलिस को पुलिस मुख्यालय से 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक मिली हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस लाइन में इनका शुभारंभ किया। GPS, सायरन और वायरलेस सिस्टम से लैस बाइकें अब शहर और ग्रामीण इलाकों में पुलिसिंग को और मजबूत करेंगी।

धनबाद पुलिस हुई हाईटेक! 45 नई पेट्रोलिंग बाइक सड़क पर उतरीं, अब अपराधियों पर 24x7 नजर
DC आदित्य रंजन और SSP प्रभात कुमार ने दिखाई हरी झंडी।
  •  धनबाद पुलिस को मिली नई हाईटेक बाइकें,अब और तेज होगी कार्रवाई
  • GPS-सायरन से लैस 45 नई बाइक शामिल,डायल 112 होगा और मजबूत
  • शहर से गांव तक बढ़ेगी पुलिस की पकड़

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले की पुलिस व्यवस्था को और आधुनिक एवं मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस मुख्यालय से धनबाद पुलिस को मिली 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक का शुभारंभ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने फीता काटकर किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं बाइक चलाकर नई व्यवस्था की शुरुआत की।

यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया में बेटियों का सम्मान: ‘गुरु वंदन–शिष्या अभिनंदन’ समारोह में मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित

नई हाईटेक बाइक के शामिल होने से अब शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की पहुंच और निगरानी क्षमता पहले से अधिक मजबूत होगी। खासकर बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों और दूरदराज के गांवों में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिसिंग को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नई पेट्रोलिंग बाइकें अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पुलिस कंट्रोल रूम, संचार व्यवस्था और निगरानी तंत्र को भी और आधुनिक बनाया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर और तेज पुलिस सेवा मिल सके।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नई बाइक जिले के विभिन्न थानों को उपलब्ध कराई गई हैं। इनका उपयोग 24 घंटे गश्ती, इमरजेंसी रिस्पॉन्स और डायल 112 सेवा को और प्रभावी बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डायल 112 के रेस्पॉन्स टाइम में धनबाद पुलिस पहले से ही झारखंड में बेहतर प्रदर्शन कर रही है और नई बाइक मिलने से प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि सभी बाइक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, ब्लिंकर, सायरन और वायरलेस सेट लगाए गए हैं। इससे पुलिस कंट्रोल रूम गश्ती टीमों की हर गतिविधि पर नजर रख सकेगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत निर्देश भी दिए जा सकेंगे।एसएसपी ने जानकारी दी कि इससे पहले भी धनबाद पुलिस को पिछले वर्ष 70 नई पेट्रोलिंग बाइक, 50 सिटी हॉक्स बाइक और 40 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए थे। लगातार आधुनिक संसाधन मिलने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था तेजी से हाईटेक होती जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मौके पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी नौशाद आलम, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुमित कुमार, डीएसपी शंकर कामती, सार्जेंट मेजर विनोद कुजूर सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।