धनबाद: मोबाइल दुकानदार राजेश चंद्रवंशी का शव मैदान में मिला, हत्या की आशंका

धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित चिरागोड़ा श्मशान रोड मैदान में मोबाइल दुकानदार राजेश चंद्रवंशी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सूद के लेन-देन विवाद को वजह बताया है। पुलिस सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।

धनबाद: मोबाइल दुकानदार राजेश चंद्रवंशी का शव मैदान में मिला, हत्या की आशंका
सूदखोरी विवाद में हत्या का आरोप।
  • रातभर लापता रहे दुकानदार की सुबह मिली लाश
  • परिवार ने लगाया साजिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में मंगलवार सुबह एक मोबाइल दुकानदार का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हीरापुर हटिया मोड़ निवासी 42 वर्षीय राजेश चंद्रवंशी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: होटवार जेल में महिला कैदी से यौन शोषण का आरोप, मामला पहुंचा राज्यपाल तक,न्यायिक जांच की मांग

बताया जा रहा है कि राजेश चंद्रवंशी हीरापुर क्षेत्र में मोबाइल डाउनलोडिंग और मोबाइल संबंधित कारोबार चलाते थे। सोमवार रात रोज की तरह वह अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार वालों ने उनके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।

यह भी पढ़ें: धनबाद में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का बड़ा वार, हथियार सप्लायर सोनू दर्जी गिरफ्तार

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चिरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राजेश चंद्रवंशी के रूप में की। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिवार ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि सूद में पैसे के लेन-देन को लेकर सोमवार को गौतम नामक व्यक्ति से राजेश की कहासुनी हुई थी। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद में साजिश के तहत हत्या कर शव को मैदान में फेंक दिया गया। परिवारवालों का यह भी कहना है कि अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सुनसान इलाके में फेंका, ताकि मामला दुर्घटना या सामान्य मौत का लगे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

शव उठाने का विरोध, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

घटना की सूचना मिलने पर धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने का विरोध किया। काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

धनबाद थाना पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार उनकी बातचीत किससे हुई थी। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। धनबाद विदाायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचकर लोकल लोगों व पुलिस अफसरों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।

इलाके में दहशत और आक्रोश

दिनदहाड़े शव मिलने की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यवसायियों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।