धनबाद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 43 लिपिकों का तबादला, 26 मई तक जॉइनिंग का आदेश
धनबाद में मुख्य सचिव के निर्देश पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने 43 सरकारी कर्मियों का तबादला करते हुए 26 मई तक नए कार्यालय में योगदान देने का आदेश जारी किया है। तीन साल से अधिक समय से एक ही विभाग में जमे कर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
- मुख्य सचिव के निर्देश पर धनबाद में एक्शन
- तीन साल से जमे कर्मियों पर गिरी गाज
- कई शाखाओं में फेरबदल, DC ने जारी किया तबादला आदेश
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिला प्रशासन ने सरकारी विभागों में वर्षों से जमे कर्मियों के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 43 सरकारी कर्मियों का तबादला कर दिया है। यह फैसला मुख्य सचिव अविनाश कुमार के निर्देश के बाद लिया गया, जिसके तहत तीन साल से अधिक समय से एक ही विभाग में पदस्थापित कर्मचारियों को दूसरे कार्यालयों में भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: मोबाइल दुकानदार राजेश चंद्रवंशी का शव मैदान में मिला, हत्या की आशंका
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। जारी आदेश के अनुसार 34 निम्न वर्गीय लिपिक, एक कार्यालय अधीक्षक, पांच प्रधान लिपिक और तीन उच्च वर्गीय लिपिकों का विभिन्न विभागों में स्थानांतरण किया गया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद के DC आदित्य रंजन का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में मिली बड़ी पहचान
26 मई तक नए कार्यालय में योगदान का निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि सभी स्थानांतरित कर्मियों को 25 मई तक वर्तमान कार्यालय से विरमित कर दिया जाएगा। यदि संबंधित विभाग ऐसा नहीं करते हैं तो 26 मई से कर्मियों को स्वतः विरमित माना जाएगा। सभी कर्मियों को 26 मई तक नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मई महीने का वेतन अब संबंधित कर्मियों को उनके नए कार्यालय से ही मिलेगा।
वित्तीय कार्यों को लेकर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन ने वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में संविदा या एकमुश्त मानदेय पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को वित्तीय कार्यों का प्रभार नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (DDO) को अपने डिजिटल सिग्नेचर और OTP किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
किन-किन कार्यालयों में हुआ फेरबदल
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला राजस्व शाखा, जिला पंचायत कार्यालय, जिला निर्वाचन शाखा, जिला आपूर्ति कार्यालय, गोपनीय शाखा, अनुमंडल कार्यालय, भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय और विधि व्यवस्था कोषांग समेत कई विभागों में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा जिला स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, राजस्व शाखा, जन शिकायत कोषांग, पंचायत कार्यालय और धनबाद जिले के निरसा, तोपचांची, गोविंदपुर, टुंडी, झरिया, बलियापुर, बाघमारा, एगारकुंड और कलियासोल प्रखंडों के कार्यालयों में कार्यरत 34 निम्न वर्गीय लिपिकों का भी स्थानांतरण किया गया है।
मुख्य सचिव को भेजी जाएगी रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने सभी जिलों से तबादलों की रिपोर्ट 30 मई तक मांगी है। धनबाद जिला प्रशासन भी इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर मुख्य सचिव कार्यालय को भेजने की तैयारी में जुट गया है। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि यह कार्रवाई सरकारी कार्यालयों में लंबे समय से जमे कर्मियों को हटाकर कार्य संस्कृति में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है।






