झारखंड: सांसद कालीचरण सिंह का बड़ा प्रयास: मां कौलेश्वरी मंदिर के विकास के लिए ₹65 करोड़ जल्द जारी कराने की मांग
चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने रांची में विभागीय सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात कर हंटरगंज स्थित मां कौलेश्वरी मंदिर के समग्र विकास पर चर्चा की। मंदिर विकास के लिए आवंटित ₹65 करोड़ की राशि जल्द केंद्र सरकार को भेजने का आग्रह किया गया।
- मंदिर के विकास के लिए आवंटित₹65 करोड़ की राशि जल्द केंद्र को भेजने की मांग
रांची/चतरा (Threesocieties.com Desk): झारखंड के चतरा जिले स्थित पवित्र और ऐतिहासिक मां कौलेश्वरी मंदिर को एक भव्य धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने बुधवार को रांची में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात कर मंदिर के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।
यह भी पढ़ें: ICSE-ISC Results 2026: जमशेदपुर की शांभवी तिवारी बनीं नेशनल टॉपर, कोल्हान के छात्रों का देश भर में डंका

इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद ने हंटरगंज प्रखंड स्थित मां कौलेश्वरी मंदिर के विकास के लिए आवंटित ₹65 करोड़ की राशि को जल्द से जल्द भारत सरकार को भेजने का आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सके और क्षेत्र का धार्मिक व पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ाया जा सके।
आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा मंदिर
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि मां कौलेश्वरी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि झारखंड की आस्था, संस्कृति और विरासत का प्रतीक है। इसे सुव्यवस्थित, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त धार्मिक-पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को भी इससे सीधा लाभ मिलेगा।
जल्द शुरू होंगे विकास कार्य
बैठक के दौरान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सड़क संपर्क, पार्किंग, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि हमारा लक्ष्य मां कौलेश्वरी मंदिर को ऐसा धार्मिक स्थल बनाना है, जहां देशभर से श्रद्धालु और पर्यटक आकर्षित होकर आएं। इससे चतरा जिला राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान बना सकेगा।
मां कौलेश्वरी की कृपा से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
कालीचरण सिंह ने विश्वास जताया कि मां कौलेश्वरी की कृपा से यह पावन भूमि जल्द ही आस्था और संस्कृति का एक प्रमुख केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन मिलकर इस परियोजना को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
लोगों का मानना है कि मंदिर के विकास से पूरे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आएगा। मां कौलेश्वरी मंदिर के विकास की यह पहल न केवल चतरा, बल्कि पूरे झारखंड के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने वाली साबित हो सकती है।






