धनबाद क्रिकेट संघ बना रोल मॉडल, JSCA अध्यक्ष बोले- विपरीत हालात में लिखी सफलता

धनबाद क्रिकेट संघ को JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने रोल मॉडल बताया। DCA वार्षिक समारोह में खिलाड़ियों, विजेता टीमों और क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया।

धनबाद क्रिकेट संघ बना रोल मॉडल, JSCA अध्यक्ष बोले- विपरीत हालात में लिखी सफलता
क्रिकेटर ऑफ द ईयर कोनैन कुरैशी, अनंदिता किशोर, सिद्धार्थ सिन्हा और वृष्टि कुमारी सम्मानित।

Advertisement

     HighLights:

  • JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने DCA को बताया रोल मॉडल
  • विपरीत परिस्थितियों में धनबाद क्रिकेट संघ के काम की सराहना
  • JSCA के तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम बनी चैंपियन
  • कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर ने राष्ट्रीय क्रिकेट में बनाई पहचान
  • JSCA ने धनबाद में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने में सहयोग का भरोसा दिया

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने धनबाद क्रिकेट संघ को दूसरे जिला क्रिकेट संघों के लिए रोल मॉडल बताया है। उन्होंने कहा कि धनबाद यह उदाहरण प्रस्तुत करता है कि सीमित परिस्थितियों में भी व्यवस्थित तरीके से काम करते हुए कोई जिला संघ सफलता की इबारत लिख सकता है।

रविवार को धनबाद के वेडिंग बेल्स में आयोजित डीसीए के वार्षिक समारोह में शाहदेव ने यह बात कही। कार्यक्रम में JSCA के सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, पूर्व अध्यक्ष डा. नफीस अख्तर और कार्यकारिणी सदस्य परवेज खान समेत क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

खिलाड़ियों और विजेता टीमों का हुआ सम्मान

समारोह में डीसीए के सत्र 2025-26 में आयोजित विभिन्न टूर्नामेंटों की विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए कोनैन कुरैशी, अनंदिता किशोर, सिद्धार्थ सिन्हा और वृष्टि कुमारी को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान जेएससीए टूर्नामेंट में चैंपियन बनने वाली धनबाद की टीम के खिलाड़ियों, चयन समिति के सदस्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को भी सम्मान मिला।

सोसाइटी एक्ट में पंजीकृत है धनबाद क्रिकेट संघ

JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि धनबाद राज्य का ऐसा जिला संघ है, जो सोसाइटी एक्ट में पंजीकृत है। उन्होंने डीसीए के संचालन की व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि धनबाद में स्थानीय क्रिकेट को जिस तरह बढ़ावा दिया जा रहा है, वह महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों में विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की भावना दिखाई देती है और यही जज्बा डीसीए के कामकाज में भी नजर आता है।शाहदेव ने कहा कि डीसीए खिलाड़ियों के हित में लगातार काम कर रहा है।  धनबाद से जुड़े रतन कुमार और मनीष वर्द्धन भी जेएससीए के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेएससीए हरसंभव सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने माना कि धनबाद में क्रिकेट के इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने की जरूरत है और इस दिशा में काम किया जा रहा है।

धनबाद के क्रिकेटरों में काफी संभावनाएं : सौरभ तिवारी

JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि राज्य में बहुत कम ऐसे जिले हैं, जहां धनबाद की तरह बड़ी संख्या में स्थानीय क्रिकेट मैच आयोजित होते हैं। उन्होंने धनबाद के क्रिकेटरों में काफी संभावनाएं होने की बात कही। तिवारी ने कहा कि धनबाद से लगातार अच्छे स्पिनर निकलते रहे हैं। वर्तमान में राज्य की टीम को अच्छे स्पिनरों की जरूरत है। ऐसे में उम्मीद है कि धनबाद के खिलाड़ी इस कमी को पूरा करेंगे। उन्होंने कोनैन कुरैशी की भी प्रशंसा की। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक लगाने वाले कोनैन कुरैशी के प्रदर्शन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभी शुरुआत है और भविष्य में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

शाहबाज नदीम ने धनबाद से जुड़ी अपनी क्रिकेट यात्रा को किया याद

JSCA के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने धनबाद से अपने क्रिकेट जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी क्रिकेट की शुरुआत भी धनबाद से हुई और उन्होंने बचपन में यहीं क्रिकेट खेला। नदीम ने कहा कि धनबाद में स्कूल से लेकर क्लब स्तर तक क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने का जो ढांचा है, वह बेहतरीन है। उन्होंने भी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट से की थी।उन्होंने धनबाद में क्रिकेट संचालन पर दिए जा रहे ध्यान की सराहना करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में टर्फ विकेट वाले मैदान होना डीसीए की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को दूसरे जिलों में भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। नदीम के अनुसार, जेएससीए भी ग्राउंड फैसिलिटी उपलब्ध कराने के मामले में डीसीए को सहयोग करता रहा है।

डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने जताया आभार

कार्यक्रम की शुरुआत में डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डीसीए के लिए यह गौरव का क्षण है कि JSCA के इतने पदाधिकारी वार्षिक समारोह में शामिल हुए।मनोज कुमार ने डीसीए की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि जेएससीए के तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम चैंपियन रही है। उन्होंने कहा कि डीसीए से निकले कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर जैसे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने डीसीए के संचालन में जेएससीए से मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।

कई लोगों और संस्थाओं को किया गया सम्मानित

समारोह को JSCA के पूर्व अध्यक्ष डा. नफीस अख्तर और बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पीएन सिंह ने भी संबोधित किया।इस दौरान विजेता और उपविजेता टीमों, चयन समिति के सदस्यों, JSCA टूर्नामेंट में चैंपियन बनी टीम के खिलाड़ियों तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली राइजिंग चैरिटेबल ट्रस्ट सहित अन्य लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।सम्मानित करने वालों में JSCA से आए अतिथियों के अलावा धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह, एसएन सिंह, डीपीएस की प्राचार्य डा. सरिता सिन्हा, डीसीए महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग, मनोज कुमार सिंह, शांतनु चौधरी, जावेद खान, संजीव झा, डा. इश्तियाक अहमद, ललित जगनानी, बीएच खान और जेके नैयर समेत अन्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में डीसीए के संजीव राणा, रत्नेश कुमार सिंह, सुनील कुमार, सुधीर पांडेय समेत कई पदाधिकारी और क्रिकेट से जुड़े लोग मौजूद थे।