यूपी: मेरा सपना सलोन में बना चिप्स अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप भी खायें: राहुल
- कांग्रेस प्रसिडेंट का अमेठी में धुआंधार प्रचार
- पीएम व बीजेपी पर जमकर निशाना साधा
कांग्रेस प्रसिडेंट अपने संसदीय क्षेत्र में कई चुनावी सभा में भाग लिया. लोगों को संबोधित करते हुए राहुल ने बीजेपी व पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा. राहुल ने अमेठी में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया. राहुल इस बार अमेठी के साथ-साथ केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं. राहुल ने सलोन के परसदेपुर में सभा में आरोप लगाया कि चौकीदार ने अमेठी और रायबरेली की जनता के साथ अन्याय किया है. हमारी सरकार आयेगी तो चौकीदार ने जो भी चुराया है, वह आपका हक दोगुना करके लौटाया जायेगा. अमेठी में सौ फैक्ट्री वाला फूड पार्क स्थापित करेंगे. कांग्रेस प्रसिडेंट ने कहा कि मेरा सपना है कि सलोन में बना आलू का चिप्स एक दिन अमेरिका का राष्ट्रपति ट्रम्प भी खायें. उन्होंने कहा कि चौकीदार को गरीबों का पैसा चुरा कर अम्बानी और नीरव मोदी जैसे अमीरों को देने की सजा मिलेगी. प्रेस वाले 'मन की बात' कहेंगे तो PM मोदी जी मारेंगे राहुल ने तिलोई की जनसभा में भी पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा. राहुल का तिलोई में जोरदार स्वागत हुआ. अपने स्वागत से उत्साहित राहुल गांधी ने कहा कि यहां पर प्रेस वाले हंस रहे हैं, हंसी आ रही है इनको. मैं आपको बताता हूं इन्हें हंसी क्यों आ रही है. हंसी इसलिए आ रही है क्योंकि इन्होंने अपने मन की बात कह दी तो इनको दो डंडे पड़ेंगे. नरेंद्र मोदी जी मारेंगे. मगर इनको दिन भर नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कैमरे से लेनी पड़ती है. इसलिए इनको हंसी आ रही है. राहुल ने मीडिया से कहा कि घबराइए मत 2019 के बाद आपको जो लिखना हो लिख लेना. हमारे खिलाफ भी लिख लेना हमें फर्क नहीं पड़ता. हम सचाई की लड़ाई लड़ने वाले हैं. राहुल गांधी ने एलान किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्ज न चुकाने पर किसानों को जेल नहीं भेजा जायेगा. उन्होंने लोगों से वादा किया कि मोदी सरकार ने आपसे जितना छीना उससे दोगुना लौटाया जायेगा. राहुल ने फूड पार्क में 100 उद्योग लगाने,पांच करोड़ परिवार को हर वर्ष 72 हजार रुपये देने का वादा किया. राहुल के भाषण में अधिकांश समय पीएम ही निशाने पर रहे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर राफेल जैसे मामलों की जांच करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि पांच साल पहले मोदी प्रधानमंत्री बने तो झूठ बोला था.मोदी जी ने कहा था कि किसानों को सही दाम मिलेगा, युवाओं को रोजगार ,लेकिन नही मिला. कांग्रेस प्रसिडेंट ने पीएम पर तंज कसते हुए कहा पिछले पांच साल में उन्हौने सिर्फ चोरों की चौकीदारी की है. राहुल ने प्रधानमंत्री पर अमीरों को पैसा देने का आरोप लगाया.उन्हौने कहा कि मोदी ने गरीबो के पैसे को अनिल अंबानी जैसे चोरों को दे दिया. चौकीदार ने अमेठी वालों से चोरी किया. पहले दुनिया मे यहां के फल सब्जी भेजे जाते थे,लेकिन उसे मोदी ने छीन लिया. हमने यहां अस्पताल बनवाया, उन्होंने छीन लिया.जो भी उन्होंने यहां से छीना है उससे दुगुना लाकर मैं आप को दूंगा. राफेल मुद्दे राहुल ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा है कि मोदी मेरे पास आये और कहा कि अमेठी व बंगलौर में एचएएल में राफेल नही बनेगा. हमको फ्रांस के राष्ट्रपति ने यह बतायी. न्याय योजना की जिक्र करते हुए राहुल ने पांच करोड़ लोगों को 72 हजार प्रतिवर्ष देने की बात कही. सरकारी नौकरियों में बाइस लाख पद खाली पड़े है, मैं गारंटी देता हूँ कि इनको मैं भरूंगा. राहुल ने महिलाओं को लोकसभा के साथ ही विधानसभा में 33 प्रतिशत व केंद सरकार की नौकरियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही. बाराबंकी में लगवाये चौकीदार चोर है नारे राहुल सड़क मार्ग से बाराबंकी-हैदरगढ़ के रास्ते निकले. राहुल गांधी ने बाराबंकी में मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए यहां पर लोगों से चौकीदार चोर है के नारे लगवाये. राहुल ने कहा कि मोदी जी ने सिर्फ 15 लोगों का 5 लाख 55 हजार करोड़ रुपये माफ किया. राफेल विमान खरीद में चोरी की। हवाई जहाज फ्रांस में बनवाया, लेकिन गरीबों के लिए उनके पास पैसा नहीं है. नोटबंदी कर किसान और मजदूरों को लाइन में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद हम दो बजट लाएंगे, जिसमें एक नेशन और दूसरा किसान के लिए होगा.कांग्रेस की सरकार बनी तो कर्जदार किसान कर्ज न चुका पाने पर जेल नहीं जायेंगे. हम आपकी जेब में पैसा डालने वाले हैं. हिंदुस्तान के 20 परसेंट लोगों के अकउंट में सीधे 7200 हजार रुपये डालना चाहते हैं. हम पांच करोड़ महिलाओं के अकाउंट में 6 हजार रुपये पर मंथ और सालाना 72 हजार देंगे. 22 लाख सरकारी नौकरी के खाली पद को एक साल में भरेंगे. मीडिया से बातचीत में राहुल ने फिर पीएम नरेंद्र मोदी को रेसकोर्स रोड़ पर 15 मिनट खुली बहस की चुनोती को दोहराया. उन्होंने कहा कि चौकीदार सच्चाई को अधिक दिन छिपा नहीं पायेंगे. राहुल सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर राहुल गांधी कुछ कहने से बचते रहे.




